home page

टीआईएफएफ 2026 में छाई रिची मेहता की 'फूलन'

 | 
टीआईएफएफ 2026 में छाई रिची मेहता की 'फूलन'


टोरंटो अंतरराष्ट्रीय फिल्म समारोह (टीआईएफएफ) 2026 में भारतीय फिल्म 'फूलन' का विश्व प्रीमियर शानदार प्रतिक्रिया के साथ हुआ। रिची मेहता द्वारा लिखित और निर्देशित इस फिल्म को महोत्सव के प्रतिष्ठित 'स्पेशल प्रेजेंटेशन' सेक्शन में प्रदर्शित किया गया। 16 सितंबर को आयोजित प्रीमियर शो में 2000 से अधिक दर्शक मौजूद रहे, जिन्होंने फिल्म के प्रदर्शन के बाद खड़े होकर तालियां बजाईं और कलाकारों व निर्माताओं की सराहना की।

फिल्म का प्रीमियर टोरंटो के प्रसिद्ध प्रिंसेस ऑफ वेल्स थिएटर में आयोजित किया गया, जहां दर्शकों की भारी मौजूदगी देखने को मिली। रिपोर्टों के अनुसार, फिल्म को दर्शकों से सकारात्मक प्रतिक्रिया मिली और कई लोग इसकी कहानी तथा प्रस्तुति से भावुक नजर आए। कार्यक्रम के दौरान रिची मेहता ने कहा कि उन्हें खुशी है कि फिल्म ने दर्शकों पर वही प्रभाव छोड़ा, जिसकी उन्होंने उम्मीद की थी। प्रीमियर के बाद फिल्म को लेकर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी चर्चा तेज हो गई है।

डाकू से विधायक बनीं फूलन देवी के जीवन पर आधारित इस फिल्म का निर्माण नमः पिक्चर्स के बैनर तले शारीन मंत्री केडिया, किशोर अरोरा, कंवल कोहली और रिची मेहता ने किया है। अमेजन प्राइम वीडियो की यह ओरिजिनल फिल्म 'आई, फूलन देवी: द ऑटोबायोग्राफी ऑफ इंडियाज बैंडिट क्वीन' पर आधारित है। फिल्म में स्नेहा कुमारी मुख्य भूमिका में हैं। टीआईएफएफ में विश्व प्रीमियर के बाद यह हिंदी एक्शन-ड्रामा प्राइम वीडियो पर रिलीज होगी, हालांकि इसकी रिलीज तारीख की घोषणा अभी नहीं की गई है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / लोकेश चंद्र दुबे