home page

रणवीर सिंह के समर्थन में उतरे राम गोपाल वर्मा

 | 
रणवीर सिंह के समर्थन में उतरे राम गोपाल वर्मा


फिल्म 'डॉन 3' को लेकर जारी विवाद के बीच निर्देशक राम गोपाल वर्मा ने अभिनेता रणवीर सिंह का खुलकर समर्थन किया है। फेडरेशन ऑफ वेस्टर्न इंडिया सिने एम्प्लॉइज (एफडब्ल्यूआईसीई) द्वारा रणवीर के खिलाफ असहयोग का निर्देश जारी किए जाने के बाद राम गोपाल वर्मा ने सोशल मीडिया पर अपनी नाराजगी जाहिर करते हुए फेडरेशन के फैसले को कठघरे में खड़ा कर दिया। उन्होंने कहा कि यह कदम फिल्म इंडस्ट्री या श्रमिकों के हित में नहीं, बल्कि एक पुरानी व्यवस्था द्वारा अपनी ताकत दिखाने की कोशिश है।

राम गोपाल वर्मा ने अपने बयान में एफडब्ल्यूआईसीई को कानूनी अधिकारों से रहित संस्था बताते हुए इसे कंगारू कोर्ट तक कह दिया। उनका कहना है कि किसी निर्माता और अभिनेता के बीच हुए अनुबंध विवाद में हस्तक्षेप करना फेडरेशन का काम नहीं है। उन्होंने लिखा कि ऐसे मामलों का समाधान अदालतों में होना चाहिए, न कि किसी संघ द्वारा एकतरफा फैसले सुनाकर। वर्मा ने यह भी दावा किया कि रणवीर की सफलता से असहज कुछ लोगों के प्रभाव में यह फैसला लिया गया है और इसका उद्देश्य अभिनेता पर दबाव बनाना है।

निर्देशक ने आगे कहा कि रणवीर सिंह जैसे सितारे ही इंडस्ट्री को आगे बढ़ाते हैं और लाखों लोगों को रोजगार देते हैं। उनके मुताबिक, अगर रणवीर किसी नई फिल्म के लिए हामी भर दें तो निर्माता उनके साथ काम करने के लिए कतार में खड़े हो जाएंगे।

गौरतलब है कि विवाद तब शुरू हुआ जब रणवीर सिंह ने कथित तौर पर फरहान अख्तर की फिल्म 'डॉन 3' से खुद को अलग कर लिया। इसके बाद निर्माताओं ने दावा किया कि उन्हें करीब 45 करोड़ रुपये का नुकसान हुआ है और इसी मामले में एफडब्ल्यूआईसीई से शिकायत की गई थी, जिसके बाद अभिनेता के खिलाफ असहयोग का निर्देश जारी किया गया था ।

--------------

हिन्दुस्थान समाचार / लोकेश चंद्र दुबे