home page

आदिनाथ कोठारे के निर्देशन में बनेगी प्राजक्ता माली की 'गौरी'

 | 
आदिनाथ कोठारे के निर्देशन में बनेगी प्राजक्ता माली की 'गौरी'


मुंबई, 20 अक्टूबर (हि.स.)। राष्ट्रीय पुरस्कार विजेता फिल्म 'पाणी' के निर्देशक आदिनाथ एम. कोठारे अपनी दूसरी फीचर फिल्म ‘गौरी’ लेकर आ रहे हैं। एनएच स्टूडियोज के बैनर तले बनने वाली इस मराठी फिल्म में अभिनेत्री प्राजक्ता माली मुख्य भूमिका निभाएंगी।

दशहरे के अवसर पर फिल्म की घोषणा की गई। महिला केंद्रित इस फिल्म में महिलाओं के संघर्ष, सामाजिक अन्याय और न्याय की लड़ाई को दिखाया जाएगा। इसकी कहानी यह भी बताएगी कि किस तरह एक महिला दूसरी महिला के साथ खड़ी होकर उसे न्याय दिलाने में मदद कर सकती है। फिल्म के पोस्टर में प्राजक्ता 'गौरी' के किरदार में नजर आ रही हैं।

आदिनाथ कोठारे ने कहा कि उनके लिए ईमानदारी और संवेदनशीलता के साथ कहानियां कहना महत्वपूर्ण है। 'गौरी' के जरिए वह मराठी सिनेमा में एक नए विषय को अलग नजरिए से प्रस्तुत करना चाहते हैं। वहीं, प्राजक्ता माली ने इसे खास संयोग बताते हुए कहा कि उनकी फिल्म 'फुलवंती' नवरात्रि में नवमी के दिन रिलीज हुई थी और अब दशहरे पर 'गौरी' की घोषणा हुई है। उन्होंने उम्मीद जताई कि यह फिल्म महिलाओं को अन्याय के खिलाफ आवाज उठाने और साहस के साथ अपने फैसले लेने की प्रेरणा देगी।

निर्माता श्रेयांस हिरावत ने कहा कि एनएच स्टूडियोज मराठी सिनेमा में मौलिक और गुणवत्तापूर्ण कहानियों को बढ़ावा देने के लिए प्रतिबद्ध है। 'गौरी' इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। फिल्म के अन्य कलाकारों और रिलीज तारीख की जानकारी अभी सामने नहीं आई है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / लोकेश चंद्र दुबे