home page

दर्द, मोहब्बत और सुरों का संगम है 'आवारापन 2' का नया गाना

 | 
दर्द, मोहब्बत और सुरों का संगम है 'आवारापन 2' का नया गाना


इमरान हाशमी की बहुप्रतीक्षित फिल्म 'आवारापन 2' का दूसरा गाना 'ये आवारापन' रिलीज हो गया है। नितिन कक्कड़ के निर्देशन में बनी इस एक्शन-रोमांटिक ड्रामा फिल्म में इमरान के साथ दिशा पाटनी मुख्य भूमिका में नजर आएंगी। इससे पहले फिल्म का पहला गाना 'वे जुनून' रिलीज हुआ था, जिसे दर्शकों से अच्छी प्रतिक्रिया मिली थी। अब रिलीज हुआ नया गाना अपने भावुक बोल और मेलोडी के चलते श्रोताओं का ध्यान खींच रहा है।

'ये आवारापन' को अरिजीत सिंह ने अपनी आवाज दी है। यह गाना उनके बॉलीवुड में वापसी का प्रतीक माना जा रहा है। संगीतकार अमाल मलिक ने इस गीत को संगीतबद्ध किया है, जबकि इसके बोल रश्मि विराग ने लिखे हैं। इमरान हाशमी और दिशा पाटनी पर फिल्माया गया यह गीत प्यार, बिछड़ने और तन्हाई की भावनाओं को बखूबी बयां करता है और रिलीज होते ही सोशल मीडिया पर चर्चा में आ गया है।

फिल्म 'आवारापन 2' में शबाना आजमी, सुरेंद्र विक्की, विजयंत कोहली और अतुल कुमार भी अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे। एक्शन, रोमांस और इमोशन से भरपूर यह फिल्म 14 अगस्त, 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी। निर्माताओं को उम्मीद है कि फिल्म के साथ-साथ इसके गीत भी दर्शकों के बीच खास जगह बनाएंगे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / लोकेश चंद्र दुबे