home page

(फिल्म समीक्षा) अमित साध ने 'प्रताप' में छोड़ी छाप, एनकाउंटर स्पेशलिस्ट की जिंदगी की अनकही कहानी

 | 
(फिल्म समीक्षा) अमित साध ने 'प्रताप' में छोड़ी छाप, एनकाउंटर स्पेशलिस्ट की जिंदगी की अनकही कहानी


फिल्म समीक्षा: 'प्रताप'

कलाकार: अमित साध, ईशा देओल, तिग्मांशु धूलिया, मिलिंद गुनाजी, सीमा बिस्वास, दुष्यंत वाघ

निर्देशक: सचिन सराफ

निर्माता: प्रदीप रंगवानी

अवधि: 2 घंटे 15 मिनट

भाषा: हिंदी

रेटिंग: 3.5/5

मुंबई, 19 नवंबर (हि.स.)। बॉलीवुड में पुलिस अधिकारियों और एनकाउंटर स्पेशलिस्ट की कहानियां दर्शकों को हमेशा आकर्षित करती रही हैं। निर्माता प्रदीप रंगवानी और निर्देशक सचिन सराफ की फिल्म ‘प्रताप’ इसी विषय को एक अलग नजरिए से पेश करती है। यह सिर्फ अपराधियों के एनकाउंटर और पुलिस की ताकत की कहानी नहीं है, बल्कि एक ऐसे अधिकारी के संघर्ष को दिखाती है, जिसकी जिंदगी एक घटना के बाद पूरी तरह बदल जाती है। फिल्म में एक्शन और सस्पेंस के साथ भावनात्मक उतार-चढ़ाव, राजनीतिक दबाव और व्यवस्था से जुड़े कई सवाल भी उठाए गए हैं।

कहानी

फिल्म की कहानी मुंबई के चर्चित एनकाउंटर स्पेशलिस्ट आईपीएस अधिकारी प्रताप रानाडे (अमित साध) के इर्द-गिर्द घूमती है। अपराध की दुनिया में प्रताप का नाम खौफ का पर्याय है। एक दिन उसे मुंबई में एक खूंखार अपराधी के छिपे होने की सूचना मिलती है। वह अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचकर उसे पार्किंग में पकड़ लेता है। इसी दौरान हार्ट अटैक से अपराधी की मौत हो जाती है। मामला तब नया मोड़ लेता है, जब वहां मौजूद एक व्यक्ति पूरे घटनाक्रम का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर देता है। वीडियो को इस तरह पेश किया जाता है, मानो प्रताप ने अपराधी का एनकाउंटर नहीं, बल्कि उसकी हत्या की हो। देखते ही देखते मामला मीडिया और जनता के बीच चर्चा का विषय बन जाता है। कभी हीरो माने जाने वाले प्रताप पर सवाल उठने लगते हैं और उसके पिछले 26 एनकाउंटर भी जांच के दायरे में आ जाते हैं। आखिरकार उसे जेल जाना पड़ता है।

जेल में उसकी मुलाकात सख्त जेलर मीरा सेन (सीमा बिस्वास) से होती है। कभी अपने रुतबे से पूरे सिस्टम में दबदबा रखने वाला प्रताप अब जेल की चारदीवारी में एक कैदी की तरह रहने को मजबूर है। यहां से उसकी असली लड़ाई शुरू होती है। उसे न सिर्फ अपनी बेगुनाही साबित करनी है, बल्कि खोई हुई प्रतिष्ठा और पहचान भी वापस हासिल करनी है। क्या प्रताप इस कानूनी लड़ाई में जीत पाएगा? क्या उसके खिलाफ कोई बड़ी साजिश रची गई है? इन सवालों के जवाब फिल्म के सस्पेंस और क्लाइमेक्स में मिलते हैं।

अभिनय

'प्रताप' की सबसे बड़ी ताकत अमित साध का अभिनय है। उन्होंने आईपीएस प्रताप रानाडे के किरदार को पूरे आत्मविश्वास और प्रभाव के साथ निभाया है। वर्दी में उनका आक्रामक और बेखौफ अंदाज हो या जेल में अपनी पहचान और आत्मसम्मान बचाने के लिए संघर्ष करता एक मजबूर इंसान, अमित दोनों रूपों में प्रभावित करते हैं। उनकी बॉडी लैंग्वेज, संवाद अदायगी और चेहरे के भाव किरदार को प्रभावशाली बनाते हैं। खासकर जेल के दृश्यों में उनका भावनात्मक पक्ष देखने लायक है। सीमा बिस्वास ने जेलर मीरा सेन की भूमिका में अपनी सशक्त अदाकारी से कहानी को मजबूती दी है। उनका गंभीर अंदाज और स्क्रीन प्रेजेंस किरदार को विश्वसनीय बनाते हैं। तिग्मांशु धूलिया और मिलिंद गुनाजी ने भी अपने अनुभव से फिल्म में प्रभाव छोड़ा है। ईशा देओल का अभिनय ठीक-ठाक है, जबकि दुष्यंत वाघ, प्रणति दामोदर और विवेक रघुवंशी सहित अन्य कलाकारों ने अपनी भूमिकाओं के साथ न्याय किया है।

निर्देशन और तकनीकी पक्ष

निर्देशक सचिन सराफ ने एक दिलचस्प विषय को पर्दे पर उतारने की कोशिश की है। उन्होंने कहानी को केवल पुलिस और अपराधियों के टकराव तक सीमित नहीं रखा, बल्कि एक अधिकारी के निजी संघर्ष और न्याय व्यवस्था के सामने उसकी बेबसी को भी प्रमुखता दी है। फिल्म का जेल वाला हिस्सा कहानी में एक नई परत जोड़ता है। जेल का माहौल, अनुशासन और कैदियों की जिंदगी को वास्तविकता के करीब दिखाने का प्रयास किया गया है।

हालांकि, कुछ जगहों पर पटकथा की रफ्तार धीमी पड़ती है। इन हिस्सों को थोड़ा संक्षिप्त किया जाता तो फिल्म और चुस्त बन सकती थी। सिनेमैटोग्राफर अनिल अक्की ने जेल के भीतर के दृश्यों में तनाव, अकेलेपन और घुटन को प्रभावी ढंग से कैमरे में उतारा है। बैकग्राउंड स्कोर सस्पेंस और थ्रिल को बढ़ाता है। एडिटिंग कुल मिलाकर ठीक है, लेकिन कुछ दृश्यों में और कसावट की जरूरत महसूस होती है।

देखें या नहीं?

'प्रताप' एक ऐसी फिल्म है, जो एक्शन और मनोरंजन के साथ व्यवस्था से जुड़े गंभीर सवाल भी उठाती है। अमित साध का दमदार अभिनय, अलग विषय और जेल के भीतर का तनावपूर्ण ड्रामा इसकी सबसे बड़ी खूबियां हैं। कुछ हिस्सों में धीमी रफ्तार के बावजूद फिल्म अपनी कहानी और कलाकारों के प्रदर्शन से दर्शकों को बांधे रखती है। पुलिस ड्रामा और क्राइम थ्रिलर पसंद करने वालों के लिए यह एक अच्छा विकल्प है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / लोकेश चंद्र दुबे