महेश भट्ट के तारीफ भरे शब्दों ने अनुपम खेर को किया भावुक
मुंबई, 12 नवंबर (हि.स.)। अभिनेता अनुपम खेर इन दिनों फिल्म 'रामायण: भाग 1' में जटायु को दी गई अपनी आवाज को लेकर चर्चा में हैं। इसी बीच फिल्ममेकर महेश भट्ट ने उन्हें एक भावुक पत्र लिखकर उनके चार दशक से अधिक लंबे अभिनय सफर की सराहना की है।
फिल्म 'सारांश' में बी.वी. प्रधान के किरदार से लेकर 'रामायण' में जटायु को आवाज देने तक के उनके सफर का जिक्र करते हुए महेश भट्ट ने उनके काम की तारीफ की। यह पत्र मिलने के बाद अनुपम भावुक हो गए और उन्होंने सोशल मीडिया पर अपनी भावनाएं शेयर कीं।
अनुपम ने महेश भट्ट का पत्र शेयर करते हुए लिखा कि वह आज दुनिया के सबसे खुश इंसान हैं। उन्होंने बताया कि महेश भट्ट का संदेश अचानक आया और वह इसके लिए तैयार नहीं थे। अभिनेता के मुताबिक, पत्र पढ़कर वह बेहद भावुक और कृतज्ञ महसूस कर रहे थे। उन्होंने इसे अपने 42 साल के अभिनय सफर का सबसे खूबसूरत प्रमाणपत्र बताया। अनुपम ने महेश भट्ट को केवल अपनी पहली फिल्म 'सारांश' का निर्देशक ही नहीं, बल्कि अपना मार्गदर्शक, दोस्त और शिक्षक भी बताया। उन्होंने कहा कि जिस व्यक्ति ने उनके लिए सिनेमा के दरवाजे खोले, उससे इस तरह का सम्मान मिलना उनके लिए बेहद खास है।
अभिनेता ने महेश भट्ट का आभार जताते हुए कहा कि वह आगे भी ऐसा काम करते रहेंगे, जिससे फिल्ममेकर को उन पर गर्व हो। उन्होंने उम्मीद जताई कि भविष्य में उनके काम को देखकर भट्ट एक बार फिर इसी तरह प्रशंसा भरा पत्र लिखेंगे। बता दें कि 'रामायण: भाग 1' में रणबीर कपूर भगवान श्रीराम, साई पल्लवी माता सीता और यश रावण की भूमिका में हैं। फिल्म में अनुपम खेर ने जटायु के किरदार को अपनी आवाज दी है, जिसे दर्शकों की सराहना मिल रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / लोकेश चंद्र दुबे

