'महा देवी आदिशक्ति' की पहली झलक जारी, फरवरी 2027 में होगी रिलीज
मुंबई, 11 अक्टूबर (हि.स.)। नवरात्रि के अवसर पर एनिमेटेड फिल्म 'महा देवी आदिशक्ति' की पहली झलक जारी की गई है। मिलिंद नंदनवार के निर्देशन और लेखक अक्षत गुप्ता की लेखनी से सजी इस फिल्म का निर्माण अर्था एंटरटेनमेंट एंड एनिमेशन के गौरव मल्होत्रा ने किया है। फिल्म फरवरी 2027 में दुनियाभर के सिनेमाघरों में रिलीज होगी। श्रेयस पुराणिक ने फिल्म का संगीत तैयार किया है। इसके जरिए भारतीय संस्कृति, धार्मिक कथाओं और समृद्ध आध्यात्मिक विरासत को एनीमेशन के माध्यम से नई पीढ़ी तक पहुंचाने का प्रयास किया गया है।
फिल्म में आदिशक्ति के विभिन्न स्वरूपों और उनकी दिव्य शक्ति की गाथाओं को दिखाया जाएगा। इसमें महिषासुर का वध करने वाली मां महिषासुरमर्दिनी से लेकर मां काली तक की कथाएं शामिल हैं। निर्माताओं का उद्देश्य इन पौराणिक प्रसंगों को आधुनिक सिनेमाई अंदाज में पेश करते हुए उनके मूल संदेश और सांस्कृतिक महत्व को बरकरार रखना है। निर्देशक मिलिंद नंदनवार के अनुसार, इन कथाओं में सत्य और धर्म की विजय का संदेश छिपा है, जो हर पीढ़ी के लिए प्रासंगिक है।
फिल्म की एक खास बात इसका पारंपरिक हस्तनिर्मित एनीमेशन है। कृत्रिम बुद्धिमत्ता के बढ़ते इस्तेमाल के बीच निर्माताओं ने हाथों से किए जाने वाले एनीमेशन को प्राथमिकता दी है। फिल्म के निर्माण में 150 से अधिक एनिमेटरों ने योगदान दिया है। निर्माता गौरव मल्होत्रा ने बताया कि फिल्म को इस तरह तैयार किया गया है कि बच्चे, माता-पिता और दादा-दादी एक साथ इसका आनंद ले सकें। 'महा देवी आदिशक्ति–द लीजेंड ऑफ मां दुर्गा' के जरिए भारतीय आध्यात्मिक विरासत को पारिवारिक मनोरंजन के माध्यम से नई पीढ़ी से जोड़ने की कोशिश की गई है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / लोकेश चंद्र दुबे

