home page

'पहला प्यार दूसरी बार' से लव रंजन पेश करेंगे छह नए चेहरे, फर्स्ट लुक जारी

 | 
'पहला प्यार दूसरी बार' से लव रंजन पेश करेंगे छह नए चेहरे, फर्स्ट लुक जारी


निर्माता और लेखक लव रंजन की नई फिल्म 'पहला प्यार दूसरी बार' का पहला पोस्टर जारी कर दिया गया है। दोस्ती और हास्य से भरपूर इस फिल्म के जरिए छह नए कलाकार हिंदी सिनेमा में कदम रखने जा रहे हैं। फिल्म में अलीशा चोपड़ा, स्पर्श वालिया, साक्षी वैद्य, कुणाल वैद्य, सरगुन कौर लूथरा और तुषार छिब्बर मुख्य भूमिकाओं में नजर आएंगे। फिल्म का निर्देशन अनुज सैनी ने किया है।

फिल्म के फर्स्ट लुक पोस्टर में सभी छह नए कलाकार एक साथ नजर आ रहे हैं। पोस्टर में उनकी मस्ती, दोस्ती और युवा अंदाज की झलक देखने को मिलती है। रंगीन और आधुनिक अंदाज में तैयार किया गया पोस्टर फिल्म के हल्के-फुल्के माहौल की ओर इशारा करता है। लव फिल्म्स के बैनर तले बन रही यह फिल्म रिश्तों और युवा जीवन से जुड़े पहलुओं को मनोरंजक अंदाज में पेश करेगी।

लव रंजन के लिए नए कलाकारों को हिंदी सिनेमा में पेश करना नया नहीं है। 'प्यार का पंचनामा' के जरिए उन्होंने पहले भी नए चेहरों को दर्शकों के सामने लाने का काम किया था। फिल्म को लेकर उन्होंने कहा कि नए कलाकारों के साथ एक नई दुनिया तैयार करना उनके लिए चुनौती के साथ-साथ उत्साह का अनुभव भी है। उनके मुताबिक, छह नए चेहरों के लिए कहानी की एक अलग दुनिया तैयार करना और उन्हें अपने किरदारों के साथ सहज होते देखना खास अनुभव रहा। 'पहला प्यार दूसरी बार' को लव फिल्म्स प्रस्तुत कर रहा है। फिल्म का निर्माण लव रंजन और अंकुर गर्ग ने किया है। अनुज सैनी के निर्देशन में बनी यह फिल्म 23 अक्टूबर 2026 को दुनियाभर के सिनेमाघरों में रिलीज होगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / लोकेश चंद्र दुबे