'धुरंधर 2' की सफलता पर कंगना का बड़ा बयान, बोलीं- डायरेक्टर भी होते हैं असली स्टार
बॉलीवुड अभिनेत्री कंगना रनौत ने निर्देशक आदित्य धर का समर्थन करते हुए इंडस्ट्री के बड़े सितारों पर निशाना साधा है। कंगना ने कहा कि कई सुपरस्टार्स अपनी ताकत का गलत इस्तेमाल करते हैं और फिल्म निर्देशकों पर दबाव बनाते हैं, जो फिल्म निर्माण की प्रक्रिया के लिए नुकसानदायक है। उन्होंने फिल्मकारों की रचनात्मक आजादी में हस्तक्षेप को लेकर नाराजगी जताते हुए कहा कि इस प्रवृत्ति को बदलने की जरूरत है।
कंगना रनौत ने 'धुरंधर 2' की सफलता पर खुशी जताते हुए आदित्य धर को सुपरस्टार डायरेक्टर बताया। उन्होंने कहा कि इस फिल्म ने यह साबित कर दिया है कि एक निर्देशक भी किसी बड़े अभिनेता जितना प्रभावशाली हो सकता है। उन्होंने हॉलीवुड का उदाहरण देते हुए स्टीवन स्पीलबर्ग, क्वेंटिन टारनटिनो और क्रिस्टोफर नोलन जैसे निर्देशकों का जिक्र किया, जो अपने-अपने आप में सुपरस्टार माने जाते हैं। कंगना का कहना है कि भारतीय सिनेमा में निर्देशकों को उनका उचित श्रेय नहीं मिल पाता।
उन्होंने आगे कहा कि फिल्म की सफलता का अधिकांश श्रेय अक्सर अभिनेताओं को दे दिया जाता है, जबकि निर्देशक की मेहनत पीछे छूट जाती है। कंगना के मुताबिक, 'धुरंधर 2' ने इस सोच को बदलने की शुरुआत की है, जहां दर्शकों ने निर्देशक के काम को भी उतनी ही अहमियत दी है। उन्होंने कहा कि आदित्य धर की सफलता युवा फिल्मकारों के लिए प्रेरणा बनेगी और उन्हें इंडस्ट्री में अपनी पहचान बनाने के लिए प्रोत्साहित करेगी।
गौरतलब है कि रणवीर सिंह स्टारर 'धुरंधर 2' बॉक्स ऑफिस पर लगातार रिकॉर्ड तोड़ प्रदर्शन कर रही है। फिल्म ने महज दो दिनों में 200 करोड़ रुपये का आंकड़ा पार कर लिया है, जबकि दुनियाभर में यह 400 करोड़ क्लब में शामिल होने की ओर तेजी से बढ़ रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / लोकेश चंद्र दुबे

