home page

टोरंटो फिल्म फेस्टिवल में दिखेगी जिम्मी-दिव्या की 'तुम रहे ना तुम'

 | 
टोरंटो फिल्म फेस्टिवल में दिखेगी जिम्मी-दिव्या की 'तुम रहे ना तुम'


मुंबई, 06 अक्टूबर (हि.स.)। जिम्मी शेरगिल और दिव्या दत्ता अभिनीत फिल्म 'तुम रहे ना तुम' का वर्ल्ड प्रीमियर 10 अक्टूबर को इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल ऑफ साउथ एशिया (आईएफएफएसए) टोरंटो में होगा।

फिल्म की गाला स्क्रीनिंग मिसिसॉगा के सिनेप्लेक्स सिनेमाज कोर्टनी पार्क में आयोजित की जाएगी। प्रेम प्रकाश मोदी के निर्देशन में बनी यह फिल्म एक मनोवैज्ञानिक पारिवारिक ड्रामा है। इसमें तनिष्का तिवारी, हर्ष छाया, जरीना वहाब और राजेश जैस भी महत्वपूर्ण भूमिकाओं में नजर आएंगे।

राकेश कुमार त्रिपाठी की लिखी पटकथा स्वीडिश नाटककार ऑगस्ट स्ट्रिंडबर्ग के चर्चित नाटक 'द फादर' से प्रेरित है। हालांकि, फिल्म की कहानी को भारतीय सामाजिक और पारिवारिक परिवेश में ढाला गया है। उत्तराखंड के एक पहाड़ी शहर की पृष्ठभूमि में कहानी एक दंपती के बीच अपनी बेटी के भविष्य को लेकर शुरू हुए मतभेद से आगे बढ़ती है। धीरे-धीरे यह टकराव परिवार में सत्ता, पहचान, भरोसे और रिश्तों से जुड़े गहरे संघर्ष में बदल जाता है। फिल्म इस सवाल को भी सामने रखती है कि बच्चे के भविष्य का फैसला करने का अधिकार आखिर किसके पास होना चाहिए। पितृसत्ता, असुरक्षा, विरासत और माता-पिता की अपेक्षाओं के साथ भावनात्मक रिश्तों की जटिलताओं को भी कहानी में जगह दी गई है।

फैनैटिकली फिल्मी प्राइवेट लिमिटेड के बैनर तले विन्नी चावला, डॉ. वृंदा चावला और सोनू कटियाल द्वारा निर्मित इस फिल्म के कार्यकारी निर्माता विक्रमजीत रॉय हैं। दीपांकर 'जोजो' चाकी कार्यकारी निर्माता के साथ साउंड डिजाइनर भी हैं। वर्ल्ड प्रीमियर को लेकर जिम्मी शेरगिल ने कहा कि भारतीय परिवार की कहानी होने के बावजूद फिल्म की भावनाएं सार्वभौमिक हैं। प्रेम प्रकाश मोदी ने कहा कि वर्षों पहले लिखी गई कहानी का आज भी प्रासंगिक होना इसकी खासियत है। दिव्या दत्ता के मुताबिक, परिवार, प्रेम और उम्मीदों से जुड़े भाव हर संस्कृति में लोगों को जोड़ते हैं और दर्शक फिल्म में अपने जीवन की झलक महसूस कर सकते हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / लोकेश चंद्र दुबे