home page

'दो और दो पांच' पार्ट 2 पर सस्पेंस, मेकर्स ने तोड़ी चुप्पी

 | 
'दो और दो पांच' पार्ट 2 पर सस्पेंस, मेकर्स ने तोड़ी चुप्पी


क्लासिक फिल्म 'दो और दो पांच' के रीमेक को लेकर चल रही अटकलों के बीच निर्माता दीपक मुकुट ने स्थिति स्पष्ट कर दी है। उन्होंने पुष्टि की है कि इस फिल्म के रीमेक अधिकार उनके पास हैं और फिलहाल स्क्रिप्ट पर काम जारी है।

दीपक मुकुट ने बताया कि करीब एक दशक पहले वह इस फिल्म का रीमेक बनाना चाहते थे। उस समय निर्देशन के लिए कुणाल कोहली का नाम तय किया गया था। साथ ही, अभिषेक बच्चन और बॉबी देओल को मूल फिल्म में अमिताभ बच्चन और शशि कपूर द्वारा निभाए गए किरदारों के लिए सोचा गया था। हालांकि, यह प्रोजेक्ट आगे नहीं बढ़ सका।

निर्माता ने कहा कि वह आज भी अभिषेक और बॉबी की जोड़ी को पर्दे पर साथ देखना पसंद करेंगे। दोनों कलाकार पहले झूम बराबर झूम और प्लेयर्स में साथ नजर आ चुके हैं।

हालांकि अभी यह स्पष्ट नहीं है कि नई फिल्म पूरी तरह रीमेक होगी, सीक्वल होगी या मूल कहानी से प्रेरित रूपांतरण।

दीपक मुकुट ने यह भी बताया कि उन्होंने ट्रेड मैगजीन में नोटिस प्रकाशित कराकर अधिकार अपने पास होने की आधिकारिक जानकारी दे दी है, ताकि कोई अन्य निर्माता इसे रीमेक न कर सके।

इससे पहले खबरें थीं कि रोहित शेट्टी अपनी फिल्म 'गोलमाल 5' के लिए इसी कहानी को अपनाने वाले हैं। हालांकि उनकी टीम ने इन खबरों को पूरी तरह भ्रामक और निराधार बताया था।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / लोकेश चंद्र दुबे