home page

वाशु भगनानी पर भड़के रमेश तौरानी और डेविड धवन

 | 
वाशु भगनानी पर भड़के रमेश तौरानी और डेविड धवन


'चुनरी चुनरी' गाने के अधिकारों को लेकर बॉलीवुड में छिड़ा विवाद अब और गहरा गया है। फिल्ममेकर वाशु भगनानी के दावों पर अब निर्देशक डेविड धवन और निर्माता रमेश तौरानी खुलकर सामने आ गए हैं। दोनों ने संयुक्त बयान जारी कर वाशु के आरोपों को पूरी तरह झूठा और भ्रामक बताया है। उनका कहना है कि 'चुनरी चुनरी' और 'इश्क सोना है' गानों के कानूनी अधिकार उन्हीं के पास हैं।

फिल्म 'है जवानी तो इश्क होना है' के निर्माता रमेश तौरानी, म्यूजिक कंपनी टिप्स इंडस्ट्रीस और डेविड धवन ने बयान में आरोप लगाया कि वाशु भगनानी जानबूझकर फिल्म की रिलीज में रुकावट डालने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने इसे बदले की भावना से चलाया जा रहा 'दुष्प्रचार अभियान' करार दिया। निर्माताओं का कहना है कि इस विवाद का मकसद फिल्म को नुकसान पहुंचाना है।

बयान में निर्माताओं ने पुराने रिश्तों का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि एक समय उन्होंने वाशु भगनानी को ऐसे प्रोजेक्ट में 50 फीसदी साझेदारी और निर्माता का क्रेडिट दिया था, जिसकी पूरी तैयारी पहले से हो चुकी थी। उन्होंने दावा किया कि फिल्म 'कुली नंबर 1' की सफलता ने वाशु भगनानी के करियर को नई पहचान दिलाई थी। इसके बावजूद अब उनके खिलाफ लगातार गलत जानकारियां फैलाई जा रही हैं।

निर्माताओं ने यह भी सवाल उठाया कि मुंबई में मामला सुलझाने के बजाय वाशु भगनानी ने बिहार के कटिहार कोर्ट में शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने कहा कि सीधे बातचीत करने के बजाय कानूनी कार्रवाई का रास्ता चुना गया। डेविड धवन और रमेश तौरानी ने जनता से अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील करते हुए कहा कि उन्हें देश की न्याय व्यवस्था पर पूरा भरोसा है और अंततः सच की ही जीत होगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / लोकेश चंद्र दुबे