home page

प्राइम टाइम में बांग्ला फिल्मों का प्रदर्शन अनिवार्य, नियम न मानने पर लाइसेंस रद्द करने की मुख्यमंत्री की चेतावनी

 | 
प्राइम टाइम में बांग्ला फिल्मों का प्रदर्शन अनिवार्य, नियम न मानने पर लाइसेंस रद्द करने की मुख्यमंत्री की चेतावनी


कोलकाता, 24 नवंबर (हि. स.)। सिनेमाघरों में बांग्ला फिल्मों के प्रदर्शन को लेकर चल रहे हालिया विवाद पर पश्चिम बंगाल सरकार ने कड़ा रुख अपनाया है। मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने स्पष्ट संदेश दिया है कि राज्य के सभी सिनेमाघरों में बांग्ला फिल्मों के लिए प्राइम टाइम शो सुनिश्चित करना होगा। मंगलवार को फिल्म उद्योग से जुड़े विभिन्न पक्षों के साथ हुई बैठक के बाद विधायक एवं अभिनेता रुद्रनील घोष ने पत्रकारों को इस संबंध में विस्तृत जानकारी दी।

बैठक का सार साझा करते हुए रुद्रनील घोष ने बताया कि मुख्यमंत्री ने राज्य के प्रत्येक सिनेमाघर में बांग्ला फिल्मों के लिए प्राइम टाइम शो को अनिवार्य कर दिया है। उन्होंने साफ कहा कि अन्य भाषाओं की फिल्मों के प्रदर्शन पर कोई रोक नहीं है, लेकिन बांग्ला फिल्मों को निर्धारित प्राइम टाइम में जगह देनी ही होगी। यदि कोई सिनेमाघर इस नियम का पालन नहीं करता है, तो उसे नोटिस भेजा जाएगा और आवश्यकता पड़ने पर लाइसेंस रद्द करने पर भी विचार किया जाएगा।

हाल के दिनों में बांग्ला फिल्मों के शो कम किए जाने या उन्हें सिनेमाघरों से हटाए जाने की शिकायतों पर भी बैठक में विस्तार से चर्चा हुई।

रुद्रनील घोष ने कहा कि आज की चर्चा केवल किसी एक फिल्म तक सीमित नहीं थी, बल्कि समग्र रूप से बांग्ला सिनेमा के अस्तित्व को बचाने पर केंद्रित थी। उन्होंने कहा कि आज की चर्चा सिर्फ 'साधक बामाखेपा' फिल्म के लिए नहीं थी। कई बांग्ला फिल्मों के साथ वर्षों से ऐसा होता आ रहा है, लेकिन अब यह नई सरकार है।

सिनेमाघर मालिकों, वितरकों, निर्माताओं और निर्देशकों के प्रतिनिधियों को एक मंच पर लाने की मुख्यमंत्री की पहल को सकारात्मक बताते हुए घोष ने कहा कि फिल्म निर्माताओं को हॉल मालिकों से संपर्क करना चाहिए और हॉल मालिकों को भी सकारात्मक सहयोग देना चाहिए। साथ ही उन्होंने हॉल मालिकों की व्यावहारिक समस्याओं का जिक्र करते हुए कहा कि कई बार फिल्म के अच्छा प्रदर्शन न करने और हॉल खाली रहने के कारण उन्हें मजबूरी में फिल्म हटानी पड़ती है।

फिल्म उद्योग की समस्याओं और उनके समाधान के लिए मिथुन चक्रवर्ती तथा प्रोसेनजीत चटर्जी जैसे अनुभवी कलाकारों को शामिल कर एक विशेष समिति के गठन की जानकारी भी दी गई। रुद्रनील घोष ने मुख्यमंत्री का संदेश उद्धृत करते हुए कहा कि अनुभवी लोगों को किसी व्यक्तिगत स्वार्थ के बजाय पूरे उद्योग के हित में अपने सुझाव देने चाहिए, ताकि सभी मिलकर बांग्ला सिनेमा को आगे बढ़ा सकें।

नियमों के सख्त पालन के साथ-साथ राज्य सरकार सिनेमाघरों के बुनियादी ढांचे के विकास पर भी ध्यान दे रही है। घोष के अनुसार, सरकारी पहल पर लगभग 51 नए सिनेमाघरों के निर्माण के अलावा मौजूदा हॉल और अन्य उपयुक्त स्थानों का जीर्णोद्धार कर उन्हें फिल्म प्रदर्शन के योग्य बनाने की योजना है।

उन्होंने दोहराया कि प्राइम टाइम में बांग्ला फिल्मों को स्पष्ट रूप से एक शो देना ही होगा और इसका उल्लंघन करने पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इसके अतिरिक्त, सिनेमाघरों को बचाए रखने के लिए मुख्यमंत्री ने आर्थिक सहायता पर विचार करने का भी आश्वासन दिया है, जिसे फिल्म जगत से जुड़े लोग बांग्ला सिनेमा के भविष्य के लिए एक बड़ा कदम मान रहे हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गंगा