'चिम्ना' के साथ बादशाह का मराठी म्यूजिक डेब्यू, रिलीज होते ही छाया गाना
मशहूर रैपर और सिंगर बादशाह ने अपने म्यूजिक करियर में एक नया कदम बढ़ाते हुए अपना पहला मराठी गाना 'चिम्ना' रिलीज किया है। इस गाने में उनके साथ गायक दिव्या कुमार और लोक कलाकार नागेश मोरवेकर भी जुड़े हैं। मराठी लोक संगीत की पारंपरिक धुन से शुरू होने वाला यह गीत धीरे-धीरे बादशाह के लोकप्रिय हिप-हॉप अंदाज में बदल जाता है। गाने में मराठी के स्थानीय शब्दों और लोक संगीत की झलक को आधुनिक बीट्स के साथ जोड़ा गया है, जिससे यह पारंपरिक और मॉडर्न म्यूजिक का अनोखा मेल बन गया है।
'चिम्ना' को लेकर बादशाह ने कहा कि भारत का क्षेत्रीय संगीत देश की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत का हिस्सा है और इसके हर रंग का जश्न मनाया जाना चाहिए। उन्होंने इस गाने को महाराष्ट्र की कला और संस्कृति के लिए अपना प्रेम पत्र बताते हुए कहा कि वह इस प्रोजेक्ट के खूबसूरत तरीके से पूरा होने को लेकर बेहद आभारी हैं। बादशाह ने यह गाना अपने उन सभी महाराष्ट्रीयन प्रशंसकों को समर्पित किया है, जो उनके सफर की शुरुआत से उनके साथ जुड़े रहे हैं।
गाने के म्यूजिक वीडियो की शूटिंग महाराष्ट्र के कोल्हापुर में की गई है, ताकि इसमें स्थानीय संस्कृति और माहौल की वास्तविक झलक दिखाई दे। बादशाह, दिव्या कुमार और नागेश मोरवेकर की आवाजों से सजा 'चिम्ना' अब प्रमुख म्यूजिक स्ट्रीमिंग प्लेटफॉर्म्स पर उपलब्ध है। पारंपरिक मराठी लोक संगीत और बादशाह के हिप-हॉप अंदाज का यह मेल श्रोताओं के लिए एक नया और अलग संगीत अनुभव पेश करता है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / लोकेश चंद्र दुबे

