अनिल कपूर होंगे फैमिली गेम शो 'इंडिया के टॉप 1%' के होस्ट, 5 सितंबर से शुरू होगा
इस फेस्टिव सीजन में स्टार प्लस और जियोहॉटस्टार दर्शकों के लिए नया फैमिली गेम शो 'इंडिया के टॉप 1%' लेकर आ रहे हैं। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर लोकप्रिय फॉर्मेट 'द 1% क्लब' पर आधारित इस शो का भारत में प्रीमियर 5 सितंबर से होगा। नीदरलैंड्स, जर्मनी, स्पेन, ग्रीस, ऑस्ट्रेलिया, इजराइल, तुर्की, यूक्रेन, मैक्सिको और अमेरिका समेत कई देशों में लोकप्रिय हो चुका यह फॉर्मेट अब भारतीय दर्शकों के बीच नए रूप में पेश किया जाएगा। बॉलीवुड अभिनेता अनिल कपूर शो की मेजबानी करते नजर आएंगे।
'इंडिया के टॉप 1%' पारंपरिक क्विज शो से अलग होगा। इसमें सामान्य ज्ञान के बजाय प्रतिभागियों की सोचने की क्षमता, लॉजिक, ऑब्जर्वेशन, कॉमन सेंस और प्रेजेंस ऑफ माइंड को परखा जाएगा। शो की खासियत यह होगी कि दर्शक भी घर बैठे सवालों के साथ खेल सकेंगे और खुद की सोचने की क्षमता को परख पाएंगे। इस तरह शो को पूरे परिवार के लिए तैयार किया गया है, जो मनोरंजन के साथ दर्शकों को सोचने और अपनी पहली प्रतिक्रिया पर दोबारा विचार करने के लिए भी मजबूर करेगा।
शो के प्रीमियर को लेकर अनिल कपूर ने कहा कि 'इंडिया के टॉप 1%' दर्शकों के लिए कुछ अलग लेकर आएगा। उनके मुताबिक, यहां यह मायने नहीं रखेगा कि प्रतियोगी कितना जानते हैं, बल्कि यह देखा जाएगा कि वे किसी परिस्थिति में किस तरह सोचते हैं। हर चुनौती उनके ऑब्जर्वेशन, लॉजिक और दबाव में शांत रहने की क्षमता की परीक्षा लेगी। उन्होंने दर्शकों से इस चुनौती का हिस्सा बनने और खुद को इंडिया के टॉप 1 प्रतिशत में शामिल करने की क्षमता परखने की अपील की। 'इंडिया के टॉप 1%' का प्रसारण 5 सितंबर से स्टार प्लस और जियोहॉटस्टार पर होगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / लोकेश चंद्र दुबे

