बॉलीवुड पर बरसीं अमीषा पटेल, फिल्म इंडस्ट्री में कास्टिंग को लेकर छेड़ी नई बहस
बॉलीवुड अभिनेत्री अमीषा पटेल ने फिल्म इंडस्ट्री में कास्टिंग को लेकर एक नई बहस छेड़ दी है। उन्होंने हाल ही में रिलीज हुई फिल्म 'धुरंधर 2: द रिवेंज' की जमकर तारीफ करते हुए निर्देशक आदित्य धर की सराहना की। सोशल मीडिया पर किए गए अपने पोस्ट में अमीषा ने कहा कि आज के दौर में जहां कलाकारों का चयन 'इंस्टाग्राम फॉलोअर्स' के आधार पर किया जा रहा है, वहीं आदित्य धर ने सिर्फ प्रतिभाशाली कलाकारों को मौका देकर एक मिसाल पेश की है।
अमीषा ने बॉलीवुड पर निशाना साधते हुए लिखा कि इंडस्ट्री को यह समझने की जरूरत है कि 'धुरंधर 2' एक 'फिल्म' है, न कि सिर्फ एक 'प्रोजेक्ट'। उन्होंने कहा कि आदित्य धर ने असली कलाकारों को कास्ट किया है, न कि सोशल मीडिया पर ट्रेंड करने वाले चेहरों को। उनके इस बयान ने फिल्म इंडस्ट्री में कास्टिंग के मौजूदा ट्रेंड पर सवाल खड़े कर दिए हैं। इससे पहले आलिया भट्ट, कंगना रनौत, अल्लू अर्जुन, जूनियर एनटीआर, महेश बाबू और रजनीकांत जैसे कई बड़े सितारे भी फिल्म की तारीफ कर चुके हैं।
फिल्म की स्टारकास्ट भी इन दिनों चर्चा का विषय बनी हुई है। मुकेश छाबड़ा द्वारा की गई कास्टिंग में रणवीर सिंह, आर माधवन, अर्जुन रामपाल और अक्षय खन्ना जैसे दिग्गज कलाकारों के साथ कई प्रतिभाशाली अभिनेताओं को भी अहम भूमिकाएं दी गई हैं। बॉक्स ऑफिस पर भी फिल्म शानदार प्रदर्शन कर रही है और भारतीय बाजार में 570 करोड़ रुपये से ज्यादा की कमाई कर चुकी है, जिससे यह साल की सबसे बड़ी हिट फिल्मों में शामिल हो गई है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / लोकेश चंद्र दुबे

