home page

'अल्फा' के बाद भी एक्शन फिल्मों से दूरी नहीं बनाएंगी आलिया भट्ट

 | 
'अल्फा' के बाद भी एक्शन फिल्मों से दूरी नहीं बनाएंगी आलिया भट्ट


मुंबई, 19 नवंबर (हि.स.)। अभिनेत्री आलिया भट्ट 'अल्फा' के बाद भी एक्शन फिल्मों से दूरी नहीं बनाएंगी। अब एक हालिया इंटरव्यू में आलिया ने फिल्मों के प्रदर्शन और महिला प्रधान कहानियों को चुनने के अपने फैसले पर खुलकर बात की है।

आलिया भट्ट ने अपने करियर में कई सफल फिल्मों के जरिए दर्शकों के बीच खास पहचान बनाई है। 'राजी' और 'गंगूबाई काठियावाड़ी' जैसी फिल्मों में उनके अभिनय को सराहना मिली और बॉक्स ऑफिस पर भी इन फिल्मों ने अच्छा प्रदर्शन किया। हालांकि, हालिया फिल्मों 'जिगरा' और 'अल्फा' की असफलता के बाद उनके करियर को लेकर चर्चाएं तेज हैं।

आलिया का कहना है कि किसी महिला प्रधान फिल्म के असफल होने का मतलब यह नहीं है कि ऐसी कहानियां बनाना बंद कर देना चाहिए। उन्होंने कहा, जब किसी पुरुष प्रधान फिल्म के फ्लॉप होने पर कोई यह नहीं कहता कि हमें पुरुष-केंद्रित फिल्में नहीं बनानी चाहिए, तो फिर मैं महिला प्रधान फिल्मों को चुनना क्यों बंद करूं? अभिनेत्री के मुताबिक, जोखिम लेने पर असफलता का डर जरूर रहता है, लेकिन बड़ी सफलता मिलने की संभावना भी उतनी ही होती है। वह इस तरह की फिल्मों से दूरी बनाने के पक्ष में नहीं हैं।

काम की बात करें तो आलिया पिछली बार 'अल्फा' में नजर आई थीं, जिसमें उनके साथ शरवरी, अनिल कपूर और बॉबी देओल भी अहम भूमिकाओं में थे। करीब 100 से 150 करोड़ रुपये के बजट में बनी इस फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर लगभग 98 करोड़ रुपये का कारोबार किया। अब आलिया संजय लीला भंसाली की फिल्म 'लव एंड वॉर' में रणबीर कपूर और विक्की कौशल के साथ दिखाई देंगी। यह फिल्म 21 जनवरी 2027 को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है।

--------------

हिन्दुस्थान समाचार / लोकेश चंद्र दुबे