home page

हत्यारोपी को ग्रामीणों ने जमकर पीटा, अस्पताल मे भर्ती, लापरवाही बरतने पर चौकी प्रभारी लाइन हाजिर

 | 
हत्यारोपी को ग्रामीणों ने जमकर पीटा, अस्पताल मे भर्ती, लापरवाही बरतने पर चौकी प्रभारी लाइन हाजिर


नोएडा, 29 नवंबर (हि.स.)। थाना दनकौर क्षेत्र के सलारपुर गांव में शनिवार की देर रात को हुई वीरेंद्र कसाना की हत्या के मामले के आरोपी को रविवार की शाम को ग्रामीणों ने पकड़कर पीट दिया। जब तक पुलिस मौके पर पहुंची, तब तक उसका हाल बेहाल हो चुका था। पुलिस ने आरोपी को अस्पताल में भर्ती कराया। इस मामले में लापरवाही बरतने के आरोप में पुलिस उपायुक्त ने स्पोर्ट्स सिटी चौकी प्रभारी सौरभ सिंह को लाइन हाजिर कर दिया है। मृतक वीरेंद्र कसाना के भाई धर्मपाल ने हत्यारोपी सोबिंदर उर्फ हल्लू के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। रविवार को देर शाम गांव में मृतक के शव का अंतिम संस्कार किया गया। इस दौरान गांव में बड़ी संख्या में लोग और पुलिस बल तैनात रहा।

पुलिस आयुक्त जे रविंद्र गौड के मीडिया प्रभारी सुबोध कुमार ने बताया कि हत्यारोपी सोबिंदर शराब पीने का आदी था। रिश्ते में मृतक आरोपी का बाबा लगता था। ग्रामीणों ने पुलिस को बताया कि दोनों की आपस में अच्छी दोस्ती थी। इसके बावजूद मामूली सी बात को लेकर भाई के घर से अपने घर लौट रहे वीरेंद्र को बीच राह में रोककर आरोपी ने उसके सिर पर ईंटों से हमला कर दिया। ग्रामीणों ने बताया कि हत्यारोपी ने वीरेंद्र के सिर पर ईंट से कई वार किए, जिसे वह बुरी तरह से घायल हो गया। अस्पताल में ले जाते समय उसकी मौत हो गई। ग्रामीणों के अनुसार हत्यारोपी अक्सर शराब के नशे में धुत रहता था। रविवार काे ग्रामीणाें ने आराेपित की पिटाई कर दी। पुलिस घायल आरोपी की हालत में सुधार होने का इंतजार कर रही है। उन्होंने बताया कि हत्यारोपी का पुलिस अभिरक्षा में उपचार चल रहा है। हालत में सुधार होते ही उसे गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया जाएगा।

हिन्दुस्थान समाचार / सुरेश चौधरी