स्मैक के साथ महिला तस्कर गिरफ्तार, पुलिस-एसएसबी की संयुक्त कार्रवाई
बहराइच, 04 नवंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के बहराइच जिले में भारत-नेपाल सीमा पर मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में मोतीपुर पुलिस और एसएसबी की संयुक्त टीम ने काे एक महिला को 32.17 ग्राम स्मैक के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपित के पास से एक कीपैड मोबाइल, इलेक्ट्रॉनिक तराजू और भारतीय व नेपाली मुद्रा भी बरामद हुई है। पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर आरोपित को न्यायालय में पेश किया है।
अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण दुर्गा प्रसाद तिवारी और क्षेत्राधिकारी मिहींपुरवा अमित प्रताप सिंह के पर्यवेक्षण में मोतीपुर पुलिस व एसएसबी की संयुक्त टीम ने मंगलवार को सोहनी बलईगांव में चेकिंग अभियान चलाया।
इस दौरान टीम ने सरिता देवी पत्नी रामू उर्फ बेबीलाल, उम्र करीब 45 वर्ष, निवासी सोहनी बलईगांव, थाना मोतीपुर को हिरासत में लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से 32.17 ग्राम स्मैक, एक कीपैड मोबाइल, एक इलेक्ट्रॉनिक तराजू, 8910 रुपये भारतीय मुद्रा और 45 रुपये नेपाली मुद्रा बरामद हुई।
थाना प्रभारी ब्रह्मा गोंड ने बताया कि आरोपित महिला के खिलाफ मोतीपुर थाने में एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया है। गिरफ्तार महिला के विरुद्ध आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी कर उसे न्यायालय भेज दिया गया।-----------------
हिन्दुस्थान समाचार / ANURAG GUPTA

