सुल्तानपुरी में चाकू मारकर युवक की हत्या
नई दिल्ली, 17 मार्च (हि.स.)। बाहरी जिले के सुल्तानपुरी इलाके में चाकू मारकर एक युवक की हत्या का मामला सामने आया है। वारदात के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। पुलिस ने मामले में दो आरोपिताें को हिरासत में लिया है, जबकि दो नाबालिग आरोपित अभी फरार हैं।
पुलिस के अनुसार, मंगलवार को संजय गांधी मेमोरियल अस्पताल से सूचना मिली कि सुल्तानपुरी निवासी राजिंदर (40) को गंभीर हालत में चाकू लगने के बाद भर्ती कराया गया है। इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। इस संबंध में सुल्तानपुरी थाने में हत्या का मामला दर्ज कर लिया गया है। जांच के दौरान पुलिस ने दो आरोपिताें को हिरासत में लिया है। इनमें रतन विहार निवासी राज (23) शामिल है, जो खुद भी घायल है और सफदरजंग अस्पताल में उपचाराधीन है। दूसरा आरोपित करण (23) है, जो सुल्तानपुरी इलाके का रहने वाला है।
पुलिस का कहना है कि वारदात में दो नाबालिग भी शामिल हैं, जो घटना के बाद से फरार हैं। उनकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। प्रारंभिक जांच में आपसी रंजिश को हत्या की वजह माना जा रहा है, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है। घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल है और पुलिस ने एहतियातन गश्त बढ़ा दी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / कुमार अश्वनी

