सुलतानपुर : मस्जिद के कमरे में मदरसे के छात्र का मिला शव, जाँच शुरू
सुलतानपुर, 01 मई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जिला सुलतानपुर के चांदा कोतवाली क्षेत्र के तातोमुरैनी गांव में शुक्रवार शाम एक मदरसे के छात्र का मस्जिद के अंदर कमरे में पंखे से लटक शव मिला है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
कोतवाली क्षेत्र के तातोमुरैनी गांव निवासी रेहान (14) पुत्र नौशाद शुक्रवार दोपहर जुमा की नमाज अदा करने के लिए घर से मस्जिद आया था। स्थानीय लोगों ने बताया कि नमाज के बाद सभी नमाजी अपने घरों को लौट गए, रेहान भी घर चला गया। कुछ देर बाद वह दोबारा मस्जिद आया। शाम करीब 4 बजे असर की नमाज अदा करने के लिए जब लोग दोबारा मस्जिद पहुंचे, तो उन्होंने रेहान का शव पंखे से लटका हुआ पाया। इस सूचना से गांव में हड़कंप मच गया और सैकड़ों की संख्या में महिला-पुरुष मस्जिद के पास जमा हो गए।
ग्रामीणों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने गहनता से जांच करते हुए ग्रामीणों की मदद से शव को नीचे उतरवाया। पंचायतनामा की कार्रवाई पूरी करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है। बताया गया है कि जिस परिसर में मस्जिद है, उसी के ठीक सामने मदरसा दारुल उलूम गुलशन-ए रजा व बरकात भी है। मृतक रेहान इसी मदरसे में कक्षा छह का छात्र था, हालांकि शुक्रवार को मदरसे में अवकाश था। रेहान के परिवार में एक बड़ा भाई दानिश (16 वर्ष) और एक बहन फलक (8 वर्ष) हैं। उसके पिता नौशाद मुंबई में नौकरी करते हैं। सीओ लंभुआ ऋतिक कपूर ने बताया कि पीएम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का सही पता चल सकेगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / दयाशंकर गुप्त

