सिरसा: हथियारबंद बदमाशों ने की लूटपाट
सिरसा, 18 मार्च (हि.स.)। सिरसा जिले के रानियां कस्बे में बुधवार को हथियारबंद बदमाशों ने एक घर में घुसकर लूटपाट की। बदमाशों ने घर में मौजूद बच्चे पर पिस्तौल तान दी और नगदी, मोबाइल, लैपटॉप व डीवीआर लेकर फरार हो गए। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया।
संतोख सिंह का परिवार रानियां के धनूर रोड पर ढाणी में रहता हैं। बताया जा रहा है कि दोपहर को मोटरसाइकिल सवार चार युवक ढाणी में पहुंचे और कहा कि वे सीसीटीवी कैमरे चेक करने आए हैं। घटना के वक्त संतोख सिंह, उनकी पत्नी गुरमीत कौर व पोता घर में थे। बदमाशों ने अंदर जाकर पोते पर पिस्तौल तान दी और कहा कि जो कुछ है सब दे दो।
घबराए बुजुर्ग दंपती ने दस हजार रुपये बदमाशों को थमा दिए। लुटेरे घर से दो मोबाइल फोन, लैपटॉप व डीवीआर लेकर फरार हो गए। गुरमीत कौर ने बताया कि बदमाशों ने उन्हें कमरे में बंद करने का प्रयास किया।
संताेख सिंह के बेटे दिल्ली और कनाडा में रहते हैं जबकि एक पोता उनके साथ रहता है। पोता दोपहर में स्कूल से घर लौटा था। कुछ ही देर बाद बाइक सवार लुटेरे भी घर पर पहुंचे गए और उन्हें डरा धमका कर नकदी व सामान लेकर फरार हो गए। गुरमीत कौर ने बताया कि बदमाशों के पास रिवॉल्वर के अन्य अन्य तेजधार हथियार भी थे। शोर शराबा सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक लुटेरे फरार हो चुके थे। सूचना मिलने पर रानियां थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर लुटेरों की तलाश शुरू कर दी है।
गौरतलब है कि दो दिन पूर्व भी रानियां कस्बे के गांव नानुआना की एक ढाणी से दिनदहाड़े लाखों रुपये के आभूषण व नकदी चोरी हो गई थी। पुलिस अभी तक इस चोरी की गुत्थी को सुलझा भी नहीं पाई थी कि लुटेरों ने आज दूसरी घटना को अंजाम दे दिया। लगातार हो रही वारदातों से क्षेत्र के लोग दहशत में हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Dinesh Chand Sharma

