home page

सिरसा में दोस्त की हत्या करने वाला आरोपित गिरफ्तार

 | 
सिरसा में दोस्त की हत्या करने वाला आरोपित गिरफ्तार


सिरसा, 02 मई (हि.स.)। हरियाणा के सिरसा जिले के रोड़ी क्षेत्र में शराब के नशे में दोस्त के सिर पर इंटरलॉकिंग टाइल से वार कर हत्या करने वाले आरोपित को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की पहचान सिरसा निवासी रवि सिंह के रूप में हुई है।

रोड़ी थाना प्रभारी अनिल कुमार ने शनिवार को बताया कि 30 अप्रैल की देर रात पुलिस को सूचना मिली कि गांव रोड़ी स्थित एक इंटरलॉकिंग टाइल फैक्ट्री के अंदर दो दोस्तों के बीच हुए विवाद में एक व्यक्ति की हत्या कर दी गई है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की। साथ ही फॉरेंसिक टीम को बुलाकर घटनास्थल से महत्वपूर्ण साक्ष्य एकत्र किए गए। मृतक की पहचान उत्तर प्रदेश के फर्रूखाबाद निवासी देवेंद्र के रूप में हुई जो कि पिछले सात-आठ वर्षों से रोड़ी में रहकर इंटरलॉकिंग टाइल फैक्ट्री में काम कर रहा था।

पुलिस के अनुसार, घटना के समय देवेंद्र अपने दोस्त रवि सिंह के साथ फैक्ट्री परिसर में बने कमरे में शराब पी रहा था। इसी दौरान किसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी हो गई जो जो बढ़ते-बढ़ते झगड़े में बदल गई। गुस्से में आकर रवि सिंह ने पास में पड़ी इंटरलॉकिंग टाइल उठाकर देवेंद्र के सिर पर कई वार कर दिए जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। पुलिस ने साक्ष्यों के आधार पर आरोपी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी। पुलिस टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर आरोपी रवि को गिरफ्तार कर लिया।

इसके अलावा पुलिस ने चेक बाउंस मामले में वांछित भगोड़े आरोपी को सिरसा क्षेत्र से काबू कर लिया है। पीओ स्टाफ प्रभारी ने बताया कि अदालत द्वारा आरोपी को बार-बार नोटिस देने पर भी आरोपी अदालत में हाजिर नहीं आया। अदालत के आदेशों की अवहेलना करने पर आरोपी सुरज को पीओ घोषित किया था।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Dinesh Chand Sharma