home page

सिरसा: महिला ने किया सुसाइड

 | 
सिरसा: महिला ने किया सुसाइड


सिरसा, 30 अप्रैल (हि.स.)। जिले के उपमंडल डबवाली क्षेत्र में एक महिला ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली है। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर नागरिक अस्पताल में पहुंचाया, जहां पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया गया है। बताया जा रहा है कि डबवाली के इंदिरा नगर निवासी बलविंद्र कौर पिछले कुछ समय से मानसिक तौर पर परेशान थी और उसने गुरुवार को घर में पंखे पर फंदा डालकर आत्महत्या कर ली। पुलिस ने परिजनों के बयानाें के आधार पर शव का पोस्टमार्टम कर परिजनों को सौंप दिया है।

पंजाब के दो नशा तस्कर गिरफ्तार

पुलिस ने जिले के गांव धर्मपुरा क्षेत्र से दो नशा तस्करों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से करीब पांच किलोग्राम चूरापोस्त बरामद किया गया है। नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो डबवाली इंचार्ज बनवारी लाल ने बताया कि पकड़े गए आरोपियों की पहचान पंजाब निवासी हन्नी सिंह व मंदीप सिंह के रूप में हुई है। उन्होंने बताया कि पुलिस को सूचना मिली कि हन्नी सिंह व मंदीप सिंह चूरापोस्त बेचने का काम करते है और आज अपनी मोटरसाइकिल पर चूरापोस्त लेकर गांव संगत खुर्द से गांव धर्मपुरा होते हुए हरियाणा में बेचने के लिए आएंगे। पुलिस ने सूचना के आधार पर धर्मपुरा में नाकाबंदी कर वाहनों की तलाश शुरू कर दी। इसी दौरान बाइक पर दो लोग सवार होकर आते दिखाई दिए जो कि पुलिस को देखकर वापस मुडक़र भागने लगे। पुलिस ने उन्हें काबू कर लिया और तलाशी ली तो उनके कब्जे से करीब पांच किलोग्राम चूरापोस्त बरामद हुआ। आरोपियों के खिलाफ डबवाली पुलिस थाना में मामला दर्ज किया गया है।

बाइक चोर गिरोह के दो सदस्य काबू

पुलिस ने सिरसा शहर क्षेत्र से बाइक चोर गिरोह के दो सदस्यों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान पंजाब के बठिंडा निवासी चरणजीत सिंह व जोगिंद्र सिंह के रूप में हुई। सिविल लाइन थाना प्रभारी बलराज ने बताया कि गुरदास सिंह ने पुलिस को शिकायत दर्ज करवाई कि उसका बाइक दुकान से चोरी हो गया है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर जांच शुरू की। महत्वपूर्ण सूचना के आधार पर पुलिस ने चरणजीत सिंह व जोगिंद्र को गिरफ्तार कर लिया है। उन्होंने बताया कि आरोपियों ने पूछताछ में बाइक चोरी की अन्य घटनाओं को अंजाम देने की बात कबूल की है। आरोपियों को अदालत में पेश कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।

हिन्दुस्थान समाचार / Dinesh Chand Sharma