home page

सिरमौर के 21 वर्षीय युवक की राजस्थान में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत

 | 

नाहन, 24 जुलाई (हि.स.)। सिरमौर जिले के उपमंडल शिलाई के तहत ग्राम पंचायत झाकंडो के एक 21 वर्षीय युवक द्वारा राजस्थान के श्री गंगानगर में फंदा लगाकर अपनी जीवन लीला समाप्त करने का बेहद दर्दनाक मामला सामने आया है। मृतक युवक पिछले करीब एक साल से गंगानगर के एक होटल में कार्यरत था। वीरवार बीती रात करीब 11 बजे युवक का शव होटल परिसर के पिछले हिस्से में फंदे से लटका हुआ बरामद हुआ। घटना की सूचना मिलते ही झाकंडो गांव में मातम छा गया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार मृतक की पहचान सचिन ठाकुर (21), पुत्र कंवर ठाकुर, निवासी ग्राम पंचायत झाकंडो, शिलाई, जिला सिरमौर के रूप में हुई है। सचिन पिछले 1 वर्ष से श्री गंगानगर के होटल में नौकरी कर रहा था।

बताया जा रहा है कि गुरुवार रात जब सचिन काफी देर तक अपनी ड्यूटी पर नज़र नहीं आया, तो होटल स्टाफ ने उसे फोन मिलाना शुरू किया। मोबाइल पर लगातार घंटी जा रही थी, लेकिन सचिन कॉल रिसीव नहीं कर रहा था। संदेह होने पर होटल स्टाफ ने परिसर में उसकी तलाश शुरू की। जब कर्मचारी ढूंढते हुए होटल की पिछले हिस्से में पहुंचे, तो वहां का नज़ारा देखकर स्तब्ध रह गए—सचिन वहां फंदे से लटका हुआ था। यह घटना रात करीब 11 बजे की बताई जा रही है।

घटना की भनक लगते ही होटल प्रबंधन ने तुरंत स्थानीय पुलिस को सूचित किया। वहीं, हादसे की खबर मिलते ही झाकंडो में मृतक के घर कोहराम मच गया। खबर सुनते ही पिता कंवर ठाकुर और गांव के कुछ लोग तुरंत राजस्थान के श्री गंगानगर के लिए रवाना हो गए हैं।

गंगानगर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और स्थानीय अस्पताल के शवगृह में रखवा दिया है। पुलिस का कहना है कि परिजनों के पहुंचने के बाद पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी की जाएगी और शव परिजनों के सुपुर्द कर दिया जाएगा। फिलहाल पुलिस मामला दर्ज कर आत्महत्या के कारणों की हर पहलू से जांच कर रही है।

ग्राम पंचायत झाकंडो के निवासियों और दोस्तों का कहना है कि सचिन बेहद हंसमुख, मिलनसार और शांत स्वभाव का युवक था। वह हर किसी से बहुत आत्मीयता से मिलता था। रोज़गार की तलाश में बाहर गए 21 वर्षीय होनहार युवक के इस तरह अचानक चले जाने पर गांव में कोई भी विश्वास नहीं कर पा रहा है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / जितेंद्र ठाकुर