सिर कटा शव बरामद मामले में फरार दामाद गिरफ्तार
जलपाईगुड़ी, 01 अप्रैल (हि.स.)। जिले के बहादुर ग्राम पंचायत के चेओरचंडी कामात इलाके में वृद्ध महिला समिजा खातून की सिर कटा शव मिलने के मामले में पुलिस ने उसके फरार दामाद को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपित का नाम आलमीन हक़ है जो वृद्ध मृतका के मंझली बेटी का पति है।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शौभनिक मुख़र्जी ने बुधवार को पत्रकार सम्मेलन कर इसकी जानकारी दी। शौभनिक मुख़र्जी ने बताया कि आरोपित को सिलीगुड़ी से गिरफ्तार किया गया है। हत्या के पीछे पारिवारिक जमीन विवाद मुख्य कारण हो सकता है।
बताया जा रहा है कि समिजा खातून अपनी एक बीघा जमीन अपने दो नातियों के नाम करना चाहती थी, जिसको लेकर आरोपित के साथ विवाद चल रहा था। हालांकि, हत्या की बर्बरता और सिर गायब होने के कारण पुलिस ‘काला जादू’ के पहलू को भी नजरअंदाज नहीं कर रही है। इस संबंध में एक तांत्रिक से जुड़े पहलुओं की भी जांच की जा रही है। हत्या में इस्तेमाल हथियार और गायब सिर की तलाश जारी है।
उल्लेखनीय है कि जिले के बहादुर ग्राम पंचायत के चेओरचंडी कामात इलाके में शनिवार को वृद्ध महिला समिजा खातून की सिर कटा शव घर के पीछे से बरामद हुई थी। घटना के बाद से मृतक का एक दामाद फरार था। उसी शक के आधार पर पुलिस ने जांच शुरू की थी।
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार

