home page

सार्वजनिक स्थान पर चाकू लहराकर दहशत फैलाने वाला आरोपित गिरफ्तार

 | 

रायपुर, 17 जुलाई (हि.स.)। सार्वजनिक स्थान पर धारदार हथियार लेकर लोगों को डराने-धमकाने वाले आरोपित के खिलाफ आजाद चौक थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपित के कब्जे से धारदार चाकू बरामद कर उसके खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है।

शुक्रवार को पुलिस द्वारा जारी विज्ञप्ति के अनुसार, रायपुर कमिश्नरेट पुलिस द्वारा सार्वजनिक स्थानों पर अवैध हथियार लेकर भय का माहौल बनाने वाले असामाजिक तत्वों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी अभियान के तहत 16 जुलाई 2026 को आजाद चौक थाना पुलिस को सूचना मिली कि आमापारा स्थित कारी तालाब के पास एक युवक हाथ में धारदार चाकू लेकर आने-जाने वाले लोगों को डरा-धमका रहा है।

सूचना मिलते ही पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर युवक को पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपित ने अपना नाम अंकित पाण्डेय निवासी चंगोराभाठा, थाना डी.डी. नगर, रायपुर बताया।

पुलिस ने आरोपित के कब्जे से एक नग धारदार चाकू जब्त किया। आरोपित के विरुद्ध थाना आजाद चौक में अपराध क्रमांक 150/2026 के तहत धारा 25, 27 आर्म्स एक्ट के अंतर्गत मामला दर्ज कर कार्रवाई की गई है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गायत्री प्रसाद धीवर