साधु के वेश में आए ठगों ने व्यापारी को नशीला पदार्थ सुघांकर ढाई लाख रुपये ठगे
बिजनौर, 02 नवंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के बिजनाैर जिले में नगर नगीना के मोहल्ला मानकचंद स्थित मीना बाजार में सोमवार काे साधु के वेश में आए दो शातिर ठगों ने एक कपड़ा व्यापारी को नशीला पदार्थ सुंघाकर करीब ढाई लाख रुपये की नकदी ठग ली। वारदात के बाद आरोपित फरार हो गये।पीड़ित ने थाना में तहरीर दी है।
थाना प्रभारी धर्मेन्द्र कुमार ने बताया कि मीना बाजार स्थित लिबास सूट कॉर्नर के स्वामी राजेश टंडन सोमवार सुबह अपनी दुकान पर मौजूद थे। इसी दौरान भगवा रंग के कपड़े पहने दो संदिग्ध व्यक्ति भीख मांगने के बहाने उनकी दुकान पर पहुंचे। दुकानदार ने मानवता दिखाते हुए उन्हें 10 रुपये दे दिए, लेकिन इसके बाद भी दोनों ने संतोष नहीं किया। एक व्यक्ति ने व्यापारी से अपनी हथेली पर 10 रुपये रखने को कहा। जब दुकानदार ने उन्हें दुकान पर बैठने के लिए कहा तो दोनों ने बातचीत में उलझाकर उनका ध्यान भटकाना शुरू कर दिया।
आरोप है कि इसी दौरान ठगों ने कोई नशीला पदार्थ अथवा सम्मोहन जैसी चीज का इस्तेमाल किया, जिससे दुकानदार सुस्त और गुमसुम हो गया। इसका फायदा उठाकर आरोपिताें ने दुकान के गल्ले में रखी कमेटी की नकदी समेत करीब ढाई लाख रुपये निकाल लिए। इसके अलावा व्यापारी की जेब में रखे 15 हजार रुपये भी निकाल ले गए। कुछ देर बाद जब दुकानदार को होश आया तो गल्ला खुला देखकर उसके होश उड़ गए। नकदी गायब मिलने पर उन्होंने शोर मचाया। घटना की जानकारी मिलते ही बाजार के व्यापारियों में अफरा-तफरी मच गई। सूचना पर पुलिस प्रशासन में भी हलचल मच गई। कोतवाली पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और पीड़ित व्यापारी से घटना की जानकारी ली। थाना प्रभारी धर्मेन्द्र कुमार के अनुसार व्यापारी की तहरीर के आधार पर कार्यवाही की जायेगी, सीसीटीवी कैमरे की फुटेज देखे जा रहे हैं आरोपिताें की पहचान कर शीघ्र पकड़े जाऐंगे |-------------------------
हिन्दुस्थान समाचार / नरेन्द्र

