सात साल पुराने चोरी के मामले में उद्घोषित अपराधी गिरफ्तार
-जमानत पर छूटने के बाद हुआ था फरार
शिमला, 11 जुलाई (हि.स.)। शिमला पुलिस ने वर्ष 2019 के एक चोरी के मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए सात साल पुराने मामले के उद्घोषित अपराधी को गिरफ्तार किया है। आरोपी जमानत पर रिहा होने के बाद अदालत में पेश नहीं हुआ था। इसके बाद अदालत ने उसे उद्घोषित अपराधी घोषित कर दिया था।
यह मामला पुलिस थाना कोटखाई में वर्ष 2019 में दर्ज हुआ है। मामले में भारतीय दंड संहिता की धारा 454 और 380 के तहत केस दर्ज किया गया था। आरोप है कि कोटखाई क्षेत्र के गांव छोल में एक घर के ताले तोड़कर सोने-चांदी के आभूषण और 50 हजार रुपये की नकदी चोरी की गई थी।
मामले की जांच के दौरान पुलिस ने आरोपी अक्षु राक्टा उर्फ नीरू पुत्र दौलत राम, निवासी गांव पुंगरिश, डाकघर एवं तहसील कोटखाई, जिला शिमला को गिरफ्तार किया था। पुलिस ने उसके कब्जे से चोरी गया सामान भी बरामद किया था। जांच पूरी होने के बाद मामले का चालान अदालत में पेश कर दिया गया।
पुलिस ने बताया कि मुकदमे की सुनवाई के दौरान आरोपी जमानत पर रिहा होने के बाद फरार हो गया। अदालत में लगातार पेश नहीं होने पर माननीय न्यायालय ने 16 जुलाई 2025 को उसे उद्घोषित अपराधी घोषित कर दिया था।
शिमला पुलिस की ओर से फरार आरोपियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के दौरान पुलिस थाना कोटखाई की टीम ने लगातार तलाश जारी रखी। इसी अभियान के तहत पुलिस ने आरोपी को कोटखाई क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को अब न्यायालय में पेश किया जा रहा है।
एसएसपी शिमला गौरव सिंह ने शनिवार को बताया कि जिले में फरार और उद्घोषित अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा

