सात दिन से लापता फाइनेंसर की हत्या, सीमेंट के पोल से बांधकर कुएं में फेंका शव
भीलवाड़ा, 26 जुलाई (हि.स.)। जिले के बागोर थाना क्षेत्र में सात दिन से लापता 78 वर्षीय फाइनेंसर शोभाराम जैन का शव रविवार को मदनपुर गांव के समीप एक कुएं से बरामद होने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। प्रारंभिक जांच में हत्या के बाद शव को छिपाने के उद्देश्य से हाथ-पैर बांधकर सीमेंट के पोल से बांधकर कुएं में फेंके जाने की बात सामने आई है। पुलिस मामले की विभिन्न पहलुओं से जांच कर रही है।
पुलिस के अनुसार बावलास गांव निवासी शोभाराम जैन 19 जुलाई से लापता थे। वह अपनी पत्नी और परिचितों के साथ पाली जिले के सिरियारी जैन तीर्थ के दर्शन के लिए गए थे। दर्शन के बाद सभी लोग लौट आए, लेकिन शोभाराम जैन घर नहीं पहुंचे। परिजनों ने तलाश के बाद 22 जुलाई को बागोर थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई थी। रविवार सुबह मदनपुर गांव के पास सड़क किनारे स्थित एक कुएं में ग्रामीणों ने शव देखा और पुलिस को सूचना दी। बागोर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। शव गहरे पानी में फंसा होने के कारण उसे जेसीबी और क्रेन की सहायता से बाहर निकाला गया।
प्रारंभिक जांच में सामने आया कि मृतक के हाथ-पैर बांधकर उनके साथ खेतों की बाड़बंदी में उपयोग होने वाला भारी सीमेंट का पोल बांधा गया था, ताकि शव पानी की सतह पर नहीं आ सके। उनके मुंह पर भी कपड़ा बंधा हुआ मिला। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। चिकित्सकों के पैनल से पोस्टमार्टम कराया जा रहा है तथा एफएसएल सहित अन्य वैज्ञानिक साक्ष्य भी जुटाए जा रहे हैं।
बागोर थानाधिकारी बच्छराज ने बताया कि प्रारंभिक जांच में यह सामने आया है कि शोभाराम जैन क्षेत्र में ब्याज पर रुपए उधार देने का कार्य करते थे। ऐसे में रुपए के लेन-देन या अन्य आर्थिक विवाद के चलते हत्या की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता। हालांकि पुलिस सभी संभावित पहलुओं की जांच कर रही है।
पुलिस आसपास के क्षेत्रों के सीसीटीवी फुटेज, मोबाइल कॉल डिटेल, मृतक के हालिया संपर्कों तथा आर्थिक लेन-देन की जांच कर रही है। जिन लोगों का हाल के दिनों में मृतक से संपर्क रहा, उनसे भी पूछताछ की जा रही है। घटना की सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंच गए। शव की पहचान होने के बाद परिवार में शोक की लहर दौड़ गई। स्थानीय लोगों ने घटना पर आक्रोश व्यक्त करते हुए आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मूलचंद

