home page

साठ लाख रुपये की अवैध शराब के साथ तीन तस्कर गिरफ्तार, सब्जी के खाली कैरेट की आड़ में हो रही थी तस्करी

 | 
साठ लाख रुपये की अवैध शराब के साथ तीन तस्कर गिरफ्तार, सब्जी के खाली कैरेट की आड़ में हो रही थी तस्करी


डूंगरपुर, 05 सितंबर (हि.स.)। पुलिस की स्पेशल टीम (डीएसटी) ने अवैध शराब के खिलाफ कार्रवाई की है। सदर थाना क्षेत्र में एनएच-48 पर मोतली मोड़ के पास 2 लोडिंग टेम्पो से 60 लाख रुपए की अवैध शराब जब्त की गई है। पुलिस ने इस मामले में 3 आरोपिताें को गिरफ्तार किया है। हरियाणा से गुजरात की ओर तस्करी की जा रही इस शराब को 800 किलोमीटर का सफर तय कराकर 8 जिलों की सीमा और 12 थानों की पुलिस की नजरों से बचाकर लाया गया था। हालांकि, डूंगरपुर डीएसटी टीम के सटीक और विश्वस्त नेटवर्क ने तस्करों के सभी पैंतरे नाकाम कर दिए।

सदर सीआई संगीता बंजारा ने बताया कि डीएसटी प्रभारी मोहनपाल सिंह को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एनएच-48 के रास्ते हरियाणा से गुजरात की ओर अवैध शराब की बड़ी खेप ले जाई जा रही है। सूचना पर टीम ने हाईवे पर मोतली और होटल अतिथि पैलेस के सामने नाकाबंदी शुरू की। दोनों कार्रवाइयों के दौरान संदिग्ध लोडिंग टेम्पो को रोका गया। वाहन चालकों ने ऊपर सब्जी के खाली कैरेट भरकर नीचे भारी मात्रा में महंगी ब्रांडेड शराब छुपा रखी थी। पुलिस ने पहली कार्रवाई में विभिन्न ब्रांड की 194 कार्टन अवैध शराब जब्त की। पुलिस ने उदयपुर बम्बोरा निवासी शेर सिंह और गोपाल नागदा को हिरासत में लिया।

इसके बाद डीएसटी ने खेरवाड़ा की तरफ से आ रहे एक ग्रे रंग के लोडिंग टेम्पो को रुकने का इशारा किया। चालक ने पुलिस को देखकर भागने की कोशिश की। उसने टेम्पो को एक बंद ढाबे के पास खड़ा किया और दो लोग भागने लगे। पुलिस ने पीछा कर एक व्यक्ति को पकड़ लिया, जबकि दूसरा भागने में सफल रहा। पकड़े गए व्यक्ति की पहचान सलूंबर निवासी मुकेश गिरी के रूप में हुई। इस टेम्पो की तलाशी लेने पर सब्जियों के कैरेट के नीचे से 141 कार्टन अंग्रेजी शराब जब्त की गई। डीएसटी ने टेम्पो से एक मोबाइल फोन भी जब्त किया।

पुलिस ने दोनों मामलों में प्रयुक्त वाहनों, मोबाइल और भारी मात्रा में शराब को जब्त कर लिया है। गिरफ्तार तीनों आरोपिताें और जब्त माल को अग्रिम कानूनी कार्रवाई के लिए पुलिस थाना सदर के सुपुर्द किया गया है। फरार आरोपित भगवती भोई की तलाश में पुलिस दबिश दे रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संतोष