home page

साइबर ठगी के 13 करोड़ रुपये के लेनदेन से जुड़े मामले में फरार आरोपित दिल्ली से गिरफ्तार

 | 
साइबर ठगी के 13 करोड़ रुपये के लेनदेन से जुड़े मामले में फरार आरोपित दिल्ली से गिरफ्तार


सूरजपुर, 27 नवंबर (हि.स.)। साइबर ठगी के लिए म्यूल बैंक खाते उपलब्ध कराने के मामले में फरार चल रहे एक और आरोपित को सूरजपुर पुलिस ने दिल्ली से गिरफ्तार किया है। इस मामले में डीएन चक्रधारी एजुकेशन डेवलपमेंट एसोसिएशन के बैंक खाते में करीब 13 करोड़ रुपये का लेनदेन सामने आया था। इससे जुड़े चार आरोपितों को पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है। पुलिस के अनुसार, पूरे प्रकरण में आरोपितों को 39 लाख रुपये कमीशन मिला था।

सूरजपुर पुलिस ने आज शुक्रवार को विज्ञप्ति जारी कर बताया कि, भारतीय साइबर अपराध समन्वय केंद्र (आई4सी) के जेसीसी टीएमएस पोर्टल से विभिन्न बैंकों के संदिग्ध खातों की जानकारी मिलने के बाद सूरजपुर पुलिस ने जांच शुरू की थी। जांच में सामने आया कि देवनारायण चक्रधारी और महेश चक्रधारी ने भारतीय स्टेट बैंक की सूरजपुर शाखा में डीएन चक्रधारी एजुकेशन डेवलपमेंट एसोसिएशन के नाम से खाता खुलवाया था। इस खाते के केवाईसी और बैंक विवरण की जांच में साइबर ठगी से जुड़े बड़े वित्तीय लेनदेन का पता चला।

पुलिस के मुताबिक, इस तरह के खातों से जुड़े मामलों में देश के 21 राज्यों के 150 खाताधारकों ने शिकायत दर्ज कराई थी। इन शिकायतों से संबंधित खातों में कुल 1 अरब 13 करोड़ 32 लाख 9 हजार 604 रुपये के लेनदेन की जानकारी मिली। इनमें डीएन चक्रधारी के खाते में करीब 13 करोड़ रुपये का ट्रांजेक्शन हुआ था। जांच में आरोपितों पर साइबर ठगी करने वाले गिरोह को बैंक खाता उपलब्ध कराने का संदेह सामने आया, जिसके बाद थाना सूरजपुर में अपराध क्रमांक 107/26 के तहत बीएनएस की धारा 317(4), 318(2), 61(2)(ए) और 3(5) में मामला दर्ज किया गया।

इस प्रकरण में पुलिस पहले देवनारायण चक्रधारी, महेश चक्रधारी, अमन पासवान और जिशान रजा को गिरफ्तार कर चुकी है। शेष आरोपितों की तलाश के दौरान पुलिस को सूचना मिली कि सचिन कुमार दिल्ली में रह रहा है। पुलिस अधीक्षक योगेश कुमार पटेल के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक योगेश देवांगन और सीएसपी विशाल गर्ग के मार्गदर्शन में थाना सूरजपुर की टीम ने तकनीकी जानकारी और मुखबिर की सूचना के आधार पर दिल्ली में दबिश दी।

पुलिस ने सचिन कुमार (25), निवासी ग्राम भराजो, थाना टाटीझरिया, जिला हजारीबाग (झारखंड), को दक्षिण दिल्ली के मदनपुर खादर क्षेत्र से पकड़ा। उसे सूरजपुर लाकर पूछताछ की गई। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में उसने साइबर ठगी की वारदात में शामिल होना स्वीकार किया। उसकी निशानदेही पर तीन मोबाइल फोन जब्त कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया।

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी प्रहलाद यादव, एसआई सकलू राम भगत, संदीप सिंह, आरक्षक अखिलेश पाण्डेय, रविराज पाण्डेय, जितेंद्र पटेल और रोशन सिंह सक्रिय रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय