सांचोर सरकारी अस्पताल से चोरी हुई एंबुलैंस 108 जोधपुर में मिली : एंबुलैंस से अवैध हथियार बरामद
जोधपुर, 23 नवम्बर (हि.स.)। जोधपुर संभाग के सांचोर में सरकारी चिकित्सालय से 20 नंवबर की सुबह एक एंबुलैंस 108 चोरी हो गई। जिस पर सांचोर पुलिस के साथ संभाग भर में सूचना दी गई। रविवार को जोधपुर की कुड़ी भगतासनी पुलिस को सूचना मिली कि झालामंड स्थित धरती आंगन क्षेत्र के पास में एक एंबुलैंस लावारिश हालत में पड़ी है। इस पर पुलिस वहां पहुंची और बाद पता लगा कि गाड़ी सांचोर से चोरी हुई थी। पुलिस ने गाड़ी की तलाशी ली तब डेशबोर्ड में एक पिस्टल, मैंग्जीन और तीन जिंदा कारतूस मिले। सांचोर में एंबुलैंस चोरी का प्रकरण दर्ज है, वहीं यहां कुड़ी भगतासनी पुलिस ने अज्ञात शख्स के खिलाफ आम्र्स एक्ट में प्रकरण दर्ज किया है।
थानाधिकारी लेखराज सिहाग ने बताया कि 20 नवंबर को सांचोर के सरकारी अस्पताल से एक एंबुलैंस 108 की जानकारी मिली थी। तब जोधपुर संभाग के साथ जिले में भी नाकाबंदी करवाई गई थी। उसे ले जाने वाले दो शख्स का पता लगा था। हालांकि उनकी पहचान नहीं हुई है।
रविवार को पुलिस को सूचना मिली कि झालामंड स्थित धरती आंगन परिसर के पास में लावारिस हालत में एक एंबुलैंस पड़ी है। इस पर थाने से एएसआई भागीरथराम को भेजा गया। एएसआई भागीरथराम की तरफ से एंबुलैंस को चैक किया तो गाड़ी से एक देशी पिस्टल मय मैग्जीन, तीन जिंदा कारतूस मिले।
थानाधिकारी लेखराज सिहाग ने बताया कि जिस स्थान पर यह एंबुलैंस पड़ी मिली वहां पर कैमरें बंद मिले है। इसलिए फुटेज नहीं मिल पाए। मगर एंबुलैंस को चुराने वाले दो शख्स है। जिनकी पहचान के प्रयास किए जा रहे है।
हिन्दुस्थान समाचार / सतीश

