सहरसा नगर आयुक्त प्रभात कुमार झा निलंबित
सहरसा, 03 नवंबर (हि.स.)। नगर निगम सहरसा में विकास योजनाओं के क्रियान्वयन में कथित अनियमितता के मामले में नगर आयुक्त प्रभात कुमार झा को निलंबित कर दिया गया है।यह कार्रवाई चार योजनाओं में वित्तीय और प्रशासनिक गड़बड़ियों की जांच के बाद की गई है।संबंधित योजनाओं की कुल लागत करीब 8.44 करोड़ रुपये बताई गई है।
मामले की जांच में सामने आया कि चार बड़ी योजनाओं को 68 छोटी-छोटी योजनाओं में बांटकर कार्य कराया गया।जांच समिति ने इन योजनाओं के क्रियान्वयन और प्रक्रिया में कई स्तरों पर अनियमितताओं की बात कही है. रिपोर्ट के आधार पर नगर आयुक्त के खिलाफ निलंबन की कार्रवाई की गई।
बताया गया है कि योजनाओं के टेंडर, कार्य आवंटन और वित्तीय प्रक्रिया से जुड़े बिंदुओं की जांच की गई थी. जांच में सामने आए तथ्यों को गंभीर मानते हुए संबंधित विभाग ने कार्रवाई का निर्णय लिया. हालांकि, मामले में अंतिम जिम्मेदारी और आरोपों की पुष्टि नियमानुसार आगे की प्रक्रिया के बाद ही होगी।
निलंबन अवधि के दौरान प्रभात कुमार झा का मुख्यालय मगध प्रमंडल के आयुक्त कार्यालय में निर्धारित किया गया है। उन्हें निलंबन अवधि में विभागीय नियमों के अनुसार मुख्यालय में रहना होगा।
इस कार्रवाई के बाद नगर निगम की योजनाओं और उनके क्रियान्वयन की प्रक्रिया पर सवाल खड़े हुए हैं. साथ ही, सरकारी योजनाओं में पारदर्शिता और वित्तीय अनुशासन सुनिश्चित करने की जरूरत भी सामने आई है।
अब विभागीय स्तर पर आगे की कार्रवाई और जांच की प्रक्रिया पर नजर रहेगी. यह मामला नगर निकायों मेंसी विकास योजनाओं के आवंटन, टेंडर और खर्च की निगरानी को लेकर भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
हिन्दुस्थान समाचार / अजय कुमार

