home page

सरकारी विभाग में कर रहा था नौकरी, निकला 42 साल पुराना भगौड़ा

 | 

नाहन, 20 अक्टूबर (हि.स.)। सिरमौर जिले के मुख्यालय नाहन से एक ऐसा सनसनीखेज मामला सामने आया है, जो किसी फिल्मी कहानी से कम नहीं है। नाहन में एथलेटिक्स कोच की आड़ में रह रहा एक 69 वर्षीय बुजुर्ग असल में 42 साल पुराने ठगी के एक मामले में फरार चल रहा उद्घोषित अपराधी निकला। हैरान करने वाली बात यह है कि वह केवल निजी स्तर पर ही नहीं, बल्कि यहाँ एक सरकारी विभाग में भी कोच के रूप में अपनी सेवाएं दे रहा था। एसपी सिरमौर निश्चित सिंह नेगी ने इस पूरी कार्रवाई और आरोपी की गिरफ्तारी की पुष्टि की है।

जानकारी के अनुसार, 5 मार्च 1984 को राजस्थान के उदयपुर स्थित धन मंडी पुलिस थाने में भंवर सिंह नामक व्यक्ति ने शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में आरोप था कि विजय कुमार यादव और उसके साथियों ने “किनारा ग्रुप/अग्रवाल सेल्स” नाम की फर्जी संस्था बनाकर केंद्र सरकार से मंजूरी मिलने का झूठा दावा किया था। उन्होंने कई बेरोजगार युवाओं को सरकारी नौकरी दिलाने का झांसा दिया और प्रति व्यक्ति ₹3,000 ऐंठ लिए। लगभग ₹32,000 की ठगी करने के बाद आरोपी दफ्तर बंद करके फरार हो गए। उस समय पुलिस ने 9 आरोपियों को तो पकड़ लिया था, लेकिन मुख्य आरोपी विजय कुमार यादव पुलिस को चकमा देकर फरार होने में कामयाब रहा।

गिरफ्तारी से बचने के लिए आरोपी विजय कुमार यादव ने अपने गृहनगर (हरियाणा के भिवानी जिले के रूपगढ़) स्थित पुश्तैनी दस्तावेजों से अपना नाम तक हटवा दिया था। देश के अलग-अलग राज्यों में फरारी काटने के बाद वह आखिरकार नाहन आ बसा। यहाँ उसने न केवल अपना घर बनाया और मतदाता सूची में नाम जुड़वाया, बल्कि अपनी पत्नी, बच्चों और पोते-पोतियों के साथ एक सामान्य सम्मानित जीवन जीने लगा। नाहन में वह स्थानीय एथलेटिक्स क्लबों से जुड़कर फ्रीलांस कोच के रूप में सेवाएं दे रहा था। इससे पहले वह असम, त्रिपुरा और उत्तर प्रदेश में भी कोचिंग दे चुका था।

उदयपुर के धन मंडी में एसएचओ सोलंकी ने बताया कि पुलिस ने रूपगढ़ सहित तकनीकी और मैनुअल सहायता के माध्यम से उन तक पहुंच बनाई, जहां यादव अभी भी परिवार के कुछ सदस्यों के संपर्क में थे। इसी सुराग के आधार पर पुलिस की एक विशेष टीम नाहन पहुँची। शुक्रवार को पुलिसकर्मियों ने चौगान मैदान में खिलाड़ी बनकर उससे संपर्क किया और मदद मांगी। जैसे ही आरोपी की पहचान की शत-प्रतिशत पुष्टि हुई, पुलिस ने उसे हिरासत में ले लिया।

इधर मामले की पुष्टि करते हुए एसपी सिरमौर निश्चित सिंह नेगी ने बताया कि राजस्थान पुलिस की टीम ने स्थानीय पुलिस के सहयोग से इस पुराने भगौड़े आरोपी को गिरफ्तार किया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / जितेंद्र ठाकुर