सचिवालय के बाहर बिना अनुमति धरना, प्रदर्शनकारियों पर मामला दर्ज
शिमला, 16 सितंबर (हि.स.)। राजधानी शिमला के छोटा शिमला में सचिवालय के बाहर बिना प्रशासनिक अनुमति धरना-प्रदर्शन करने और यातायात बाधित करने के आरोप में पुलिस ने अखिल भारतीय जनवादी महिला समिति की महासचिव फालमा चौहान समेत करीब 130 से 140 प्रदर्शनकारियों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पुलिस के अनुसार मंगलवार को फालमा चौहान के नेतृत्व में करीब 130-140 लोग छोटा शिमला गुरुद्वारे के सामने एकत्र हुए और धरना-प्रदर्शन किया। पुलिस का कहना है कि प्रदर्शन के लिए प्रशासन से पूर्व अनुमति नहीं ली गई थी।
पुलिस के मुताबिक प्रदर्शन के कारण सड़क पर यातायात प्रभावित हुआ और दोपहर करीब 12 बजे से 12:30 बजे तक यातायात पूरी तरह ठप रहा। इस दौरान सड़क से गुजरने वाले लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। मामले में मौके पर मौजूद पुलिस अधिकारी की ओर से दिए गए लिखित रुक्के के आधार पर छोटा शिमला पुलिस थाना में भारतीय न्याय संहिता की धारा 126(2) और 189(2) के तहत मामला दर्ज किया गया है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा

