श्रावस्ती में डंपर ने एसयूवी को मारी टक्कर, एक युवक की मौत और चार घायल
श्रावस्ती, 13 मार्च (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद श्रावस्ती में शुक्रवार की सुबह डंपर ने एसयूवी को टक्कर मार दी। इस हादसे में एक युवक की मौत हो गई जबकि चार लोग घायल हो गए। इसी समय भिनगा आ रहे सीमा सुरक्षा बल के उप कमांडेंट ने घायलों को एंबुलेंस की मदद से जिला अस्पताल में भर्ती कराया।
यह हादसा चिल्हारिया-भिनगा मार्ग पर टेपरा के पास हुआ। सिरसिया बाजार निवासी मनीष कुमार सोनी (33) के घर मांगलिक कार्यक्रम के लिए सुबह सब्जी खरीदने के लिए एसयूवी से मंडी जा रहे थे। उनके साथ रिश्तेदार सिद्धार्थनगर निवासी संतोष कुमार सोनी (31), सूर्यभान सोनी (32), ओजेश (18) व अतुल सोनी (17 ) भी सवार थे।
एसयूवी अपनी रफ्तार से जा रही थी कि टेपरा के पास अचानक डंपर ने टक्कर मार दी। इस दौरान रनियापुर सीमा चौकी से भिनगा जा रहे सीमा सुरक्षा बल के उप कमांडेंट गोवर्धन पुजारी ने घायलों को देख तो उन्होंने तुरंत स्थानीय पुलिस व एंबुलेंस को सूचना दी। एसयूवी में फंसे घायलों को बाहर निकलवाया और अस्पताल भिजवाया। जहां डॉक्टरों ने संतोष कुमार सोनी (31) की मौत होने की पुष्टि की। एसएसबी की क्यूआरटी टीम ने जिला अस्पताल पहुंच कर घायलों का हाल चाल जाना। स्थानीय पुलिस हादसे के कारणाें की जांच कर रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / शिव सिंह

