शिमला : कोर्ट परिसर से भागा एनडीपीएस आरोपी, पुलिस ने दबोचा
शिमला, 29 मई (हि.स.)। राजधानी शिमला के चक्कर स्थित डिस्ट्रिक्ट कोर्ट परिसर में शुक्रवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब एनडीपीएस मामले में पेशी के लिए लाया गया एक आरोपी फिल्मी अंदाज में पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया। लेकिन शिमला पुलिस की फुर्ती और त्वरित कार्रवाई के चलते आरोपी की यह कोशिश ज्यादा देर तक सफल नहीं हो पाई और उसे कुछ ही समय में शोघी बैरियर के पास पकड़ लिया गया।
पुलिस के अनुसार फरार आरोपी की पहचान 22 वर्षीय आर्यन धान्टा के तौर पर हुई है। वह राजेश कुमार धान्टा का पुत्र और गांव कलगांव, डाकघर पुजारली नंबर-02, तहसील रोहड़ू, जिला शिमला का निवासी है। आरोपी को एनडीपीएस एक्ट से जुड़े एक मामले में पेशी के लिए डिस्ट्रिक्ट कोर्ट चक्कर लाया गया था।
जानकारी अनुसार अदालत परिसर में पेशी के दौरान आरोपी ने टॉयलेट जाने की बात कही। इसी दौरान उसने टॉयलेट के रोशनदान के रास्ते बाहर निकलकर जज चेंबर की तरफ से भागने की कोशिश की और पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया। कोर्ट परिसर से आरोपी के भागने की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में तुरंत अलर्ट जारी कर दिया गया।
घटना के बाद शिमला पुलिस ने तेजी से नाकाबंदी और तलाशी अभियान शुरू किया। शहर से बाहर जाने वाले मार्गों पर पुलिस टीमों को सक्रिय किया गया और विभिन्न स्थानों पर चेकिंग तेज कर दी गई। पुलिस की सतर्कता और त्वरित कार्रवाई का असर यह रहा कि आरोपी ज्यादा दूर नहीं जा सका और उसे कुछ ही देर में शोघी बैरियर के पास दबोच लिया गया।
शिमला के एसएसपी गौरव सिंह ने घटना की पुष्टि करते हुए कहा कि एनडीपीएस मामले में पेशी के लिए लाये गए आरोपी ने कोर्ट परिसर से भागने की कोशिश की। सूचना मिलते ही पुलिस टीमों ने तुरंत कार्रवाई करते हुए नाकाबंदी की और आरोपी को पकड़ लिया। मामले में नियमानुसार आगामी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा

