शिक्षिका पर धारदार हथियार से जानलेवा हमला, आरोपित हिरासत में
सिलीगुड़ी, 28 अक्टूबर (हि.स.)। शहर के शांतिनगर इलाके में बुधवार सुबह एक शिक्षिका पर धारदार हथियार से जानलेवा हमला किए जाने का मामला सामने आया है। घटना भाजपा विधायक के घर के पास हुई, जिसके बाद इलाके में हड़कंप मच गया। घायल शिक्षिका की पहचान शिउली दत्त के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार, शिउली दत्त रोज की तरह बुधवार सुबह घर से फूल तोड़ने के लिए निकली थी। इसी दौरान सजल दास नामक व्यक्ति ने कथित तौर पर उन पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। हमले में शिक्षिका गंभीर रूप से घायल हो गई। घटना के बाद आरोपित ने भी कथित तौर पर जहर खाकर आत्महत्या करने की कोशिश की।
घटना की सूचना मिलते ही आशीघर चौकी की पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों को बरामद कर सिलीगुड़ी जिला अस्पताल में भर्ती कराया। फिलहाल दोनों का अस्पताल में इलाज चल रहा है।शिक्षिका पर हमले के पीछे की वजह अभी स्पष्ट नहीं हो पाई है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि घटना के पीछे व्यक्तिगत विवाद या कोई अन्य कारण था। सार्वजनिक स्थान पर हुई इस घटना से स्थानीय लोगों में दहशत है। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार

