शराबी ने गर्भवती पत्नी पर हंसिया से हमला कर उतारा मौत के घाट
महोबा, 26 जुलाई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश में महोबा जिले के पनवाड़ी थाना क्षेत्र स्थित बिजरारी गांव में एक व्यक्ति ने शराब के नशे में बच्चों के सामने ही अपनी आठ माह की गर्भवती पत्नी की हंसिया से हमला कर हत्या कर दी।वारदात के बाद आरोपित ने पुलिस को गुमराह कर अज्ञात व्यक्ति पर हत्या का आरोप लगाया, लेकिन आरोपित के बेटे ने ही पिता की करतूत पुलिस के सामने उजागर कर दी। पुलिस ने आरोपित पति को हिरासत में लेकर मामले में अग्रिम कार्रवाई में जुट गई।
जिले के पनवाड़ी क्षेत्र के बिजरारी गांव में शनिवार देर रात हनीफ अपनी मनीषा मंसूरी (25) और दाे बच्चों के साथ रहता था। शनिवार देर रात वह अत्यधिक शराब के नशे में घर पहुंचा और पत्नी से विवाद करने लगा। जब मनीषा ने विरोध किया तो गुस्से में झल्लाए हनीफ ने अपना आपा खो दिया और पास में रखे धारदार हसिया से उसके सिर और गर्दन पर कई प्रहार कर गर्भवती पत्नी को मौत के घाट उतार दिया।
वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपित ने खुद ही पुलिस को फोन कर बताया कि किसी अज्ञात ने हत्या किए जाने की मनगढ़ंत कहानी गढ़ बरगलाने की कोशिश की। लेकिन उसके 5 वर्षीय मासूम बेटे ने पिता के द्वारा की गई मां की हत्या का राज खोल दिया। घटना से इलाके में सनसनी फैल गई है।
कुलपहाड़ क्षेत्राधिकारी अनुरुद्ध कुमार ने रविवार को बताया कि आरोपित ने फोन पर डायल 112 पर पत्नी की हत्या की सूचना दी। जांच में उसके स्वयं के द्वारा धारदार हथियार से पत्नी की हत्या करने का मामला सामने आया है। मृतका के शव का पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। अभियुक्त को हिरासत में ले लेकर पूछताछ की जा रही है।
-------------
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / उपेन्द्र द्विवेदी

