home page

शराब के नशे में विवाद के बाद पत्नी ने पति की ईंट से हत्या, वृद्धा हिरासत में

 | 
शराब के नशे में विवाद के बाद पत्नी ने पति की ईंट से हत्या, वृद्धा हिरासत में


उदयपुर, 23 जुलाई (हि.स.)। उदयपुर जिले के झाड़ोल थाना क्षेत्र में पति-पत्नी के बीच शराब के नशे में हुए विवाद ने खौफनाक रूप ले लिया। गाली-गलौच से नाराज पत्नी ने ईंट से ताबड़तोड़ वार कर अपने पति की हत्या कर दी। घटना बुधवार देर रात हरणिया खेड़ा, गोराना गांव में हुई। सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आरोपित वृद्ध महिला को हिरासत में ले लिया।

झाड़ोल थानाधिकारी करणाराम के अनुसार हरणिया खेड़ा, गोराना निवासी उदयलाल कटेरिया (62) पुत्र सवा कटेरिया और उनकी पत्नी भेरकीबाई कटेरिया बुधवार रात घर पर शराब पी रहे थे। इसी दौरान किसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी हो गई। आरोप है कि उदयलाल ने शराब के नशे में पत्नी के साथ गाली-गलौच शुरू कर दी, जिससे विवाद बढ़ गया।

प्राथमिक जांच के अनुसार आवेश में आई भेरकीबाई ने कमरे के पास रखी ईंट उठाकर उदयलाल के सिर पर लगातार कई वार कर दिए। सिर में गंभीर चोट लगने से उदयलाल की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के समय घर में केवल पति-पत्नी ही मौजूद थे, जबकि उनके बेटे दूसरे घर में रहते हैं।

गुरुवार सुबह परिजनों को घटना की जानकारी मिली, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपित महिला को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की। प्रारंभिक पूछताछ में महिला ने पति पर ईंट से हमला करने की बात स्वीकार की है। हालांकि घटना के सभी पहलुओं की जांच जारी है।

हिन्दुस्थान समाचार / सुनीता