लोकायुक्त की जांच में आरक्षक फिरोज खान की 51 संपत्तियों का पता चला, बाजार कीमत 68 करोड़ रुपये के पार
इंदौर, 24 अक्टूबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश पुलिस के प्रधान आरक्षक चालक फिरोज खान की संपत्तियों की लोकायुक्त जांच में एक और खुलासा हुआ है। देवास जिले में 1.15 हेक्टेयर कृषि भूमि की जानकारी मिलने के बाद अब तक सामने आई अचल संपत्तियों की संख्या बढ़कर 51 हो गई है। इनकी मौजूदा बाजार कीमत करीब 68 करोड़ 1 लाख 90 हजार रुपये आंकी गई है। वहीं, जांच में अब तक फिरोज खान और उनसे जुड़े लोगों की करीब 21 करोड़ 65 लाख 39 हजार रुपये की कुल चल-अचल संपत्ति का पता चला है।
फिरोज खान इंदौर के पुलिस प्रशिक्षण महाविद्यालय में प्रधान आरक्षक चालक के पद पर पदस्थ हैं। लोकायुक्त की टीम ने 14 अक्टूबर को उनके विभिन्न आवासों और अन्य ठिकानों पर तलाशी की कार्रवाई की थी। इसके बाद से संपत्तियों, बैंक खातों और निवेश से संबंधित दस्तावेजों की जांच की जा रही है।
23 अक्टूबर तक की जांच में 50 अचल संपत्तियों का ब्योरा सामने आया था। 24 अक्टूबर को देवास जिले में एक और कृषि भूमि की जानकारी मिलने के बाद संपत्तियों की संख्या बढ़कर 51 हो गई।
देवास में 2.30 करोड़ रुपये की जमीन का पता चला
लोकायुक्त की जांच में देवास जिले के राजोदा में पहले सामने आई कृषि भूमि के अलावा एक और जमीन खरीदे जाने की जानकारी मिली है। दस्तावेजों के मुताबिक, यह जमीन रोशनी वर्मा और रानू कुशवाह के नाम पर 11 जून 2024 को खरीदी गई थी। इसका रकबा 1.15 हेक्टेयर बताया गया है।
जमीन की रजिस्ट्री में खरीद कीमत 1 करोड़ 65 लाख 2 हजार 498 रुपये दर्ज है। वहीं, मौजूदा बाजार भाव के आधार पर इसकी कीमत करीब 2 करोड़ 30 लाख रुपये आंकी गई है। इस जमीन से जुड़े दस्तावेजों और खरीद संबंधी विवरणों की लोकायुक्त टीम जांच कर रही है।
सरकारी गाइडलाइन और बाजार कीमत में बड़ा अंतर
24 अक्टूबर तक उपलब्ध जानकारी के अनुसार, जांच में सामने आई 51 अचल संपत्तियों की सरकारी गाइडलाइन के हिसाब से कुल कीमत करीब 19 करोड़ 94 लाख 55 हजार रुपये है। वहीं, इनकी मौजूदा बाजार कीमत करीब 68 करोड़ 1 लाख 90 हजार रुपये आंकी गई है।
लोकायुक्त के अनुसार, अब तक फिरोज खान और उनसे जुड़े लोगों की कुल चल-अचल संपत्ति का मूल्य 21 करोड़ 65 लाख 39 हजार रुपये बताया गया है। जांच में सामने आए आंकड़ों में अचल संपत्तियों के अलावा अन्य संपत्तियां भी शामिल हैं।
इससे पहले 23 अक्टूबर को जारी विवरण में 50 अचल संपत्तियों की गाइडलाइन कीमत करीब 18 करोड़ 29 लाख रुपये और बाजार कीमत लगभग 65 करोड़ 71 लाख रुपये बताई गई थी। नई कृषि भूमि का पता चलने के बाद दोनों आंकड़ों में बढ़ोतरी हुई है।
बैंक खातों और आरा मशीन की जानकारी भी सामने आई
जांच के दौरान इंदौर की आदर्श कॉलोनी में दो प्लॉट, विभिन्न बैंक खातों में जमा रकम और देवास जिले के पिपलरावां-सोनकच्छ क्षेत्र में लकड़ी की आरा मशीन से संबंधित जानकारी भी सामने आई थी।
आदर्श कॉलोनी के दोनों प्लॉट साहिल ट्रेडिंग कंपनी के नाम पर खरीदे गए बताए गए हैं। वहीं, फिरोज खान की मां वहीदा खान के नाम पर छह लाख रुपये में आरा मशीन खरीदे जाने की जानकारी मिली थी। इसके अलावा, विभिन्न बैंक खातों में कुल 19 लाख 76 हजार 541 रुपये जमा होने का भी पता चला था।
लोकायुक्त की टीम अब तक सामने आई संपत्तियों के दस्तावेजों, खरीद की तारीखों, भुगतान और निवेश से जुड़े विवरणों की जांच कर रही है। जांच पूरी होने के बाद ही संपत्तियों और उनके स्रोतों को लेकर स्थिति अधिक स्पष्ट हो सकेगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजू विश्वकर्मा

