लोकायुक्त की कार्रवाई: 7 हजार की रिश्वत लेते कर्मचारी रंगे हाथ गिरफ्तार
बड़वानी, 06 अप्रैल (हि.स.)। लोकायुक्त पुलिस इंदौर की टीम ने बड़वानी जिले में भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए शनिवार को एक शासकीय कर्मचारी को रिश्वत लेते रंगे हाथ पकड़ लिया। आरोपी सहायक ग्रेड-3 एवं लेखा शाखा प्रभारी प्रदीप मंडलोई को 7 हजार रुपये की रिश्वत लेते गिरफ्तार किया गया है।
जानकारी के अनुसार, ग्राम बकवाड़ी, तहसील राजपुर निवासी बाबूलाल अलावे, जो माध्यमिक विद्यालय देवला से उच्च श्रेणी शिक्षक पद से सेवानिवृत्त हैं, ने लोकायुक्त में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि उनके पुत्र के निधन के बाद पुत्रवधु को शासकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय जुलवानिया में भृत्य पद पर अनुकंपा नियुक्ति मिली है।
आरोप है कि आरोपी कर्मचारी द्वारा पुत्रवधु का प्रकरण भोपाल से शीघ्र मंगवाने और वेतन जारी कराने के एवज में 8 हजार रुपये की रिश्वत मांगी जा रही थी। शिकायत के सत्यापन के बाद लोकायुक्त ने ट्रैप दल का गठन किया।
कार्रवाई के दौरान आरोपी को आवेदक से 7 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए लेखापाल/स्थापना कक्ष में रंगे हाथ गिरफ्तार किया गया। आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण (संशोधन) अधिनियम 2018 की धारा 7 के तहत प्रकरण दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
इस कार्रवाई में ट्रैप दल का नेतृत्व कार्यवाहक निरीक्षक सचिन पटेरिया ने किया। उनके साथ विवेक मिश्रा सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे।
उल्लेखनीय है कि जनजातीय कार्य विभाग में इस वर्ष यह दूसरा मामला है, जिसमें लोकायुक्त ने रिश्वत लेते कर्मचारी को रंगे हाथ पकड़ा है। लोकायुक्त संगठन द्वारा भ्रष्टाचार के विरुद्ध लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / Rajesh Rathore

