लूट के जेवर बेचकर रुपये बांटने वाले गिरोह के तीन आरोपित गिरफ्तार
बाराबंकी, 13 सितंबर (हि.स.)।उत्तर प्रदेश के बाराबंकी जिले में महिलाओं से लूटपाट करने वाले गिराेह के तीन आराेपिताें काे काेवाली पुलिस ने गिरफ्तार किया है। उनके कब्जे से लूटे गए जेवर बेचकर मिले 17,200 रुपये नकद और वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद की है।
थाना प्रभारी सुधीर कुमार सिंह ने बताया कि सूचना पर पुलिस टीम ने रीगल होटल के पास से फरमान उर्फ राहिल, अब्दुल्ला कामरान और अब्दुल समद को गिरफ्तार किया। तीनों आरोपित लखनऊ के सहादतगंज थाना क्षेत्र के रहने वाले हैं। इन लाेगाें ने महिलाओं के कान की बालियां लूटी थी। पुलिस ने उनके कब्जे से लूटे गए जेवर बेचकर मिले 17,200 रुपये नकद और वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद की है। कोतवाली नगर में दर्ज मुकदमे की विवेचना के दौरान तीनों के नाम सामने आए थे। पूछताछ में आरोपितों ने 28 अगस्त को सफेदाबाद क्षेत्र में एक महिला के कान से सोने का बाला लूटने की बात स्वीकार की। इसके अलावा लखनऊ के तालकटोरा थाना क्षेत्र में सीएमएस वाली गली में भी एक लूटपाट की वारदात काे अंजाम देने की बात कबूली है।----------------
हिन्दुस्थान समाचार / पंकज कुमार चतुवेर्दी

