home page

लाखों की नेपाली मुद्रा बरामद, दबोचे गए दो संदिग्ध

 | 
लाखों की नेपाली मुद्रा बरामद, दबोचे गए दो संदिग्ध


बहराइच, 03 अगस्त (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के बहराइच जिले में भारत-नेपाल अंतरराष्ट्रीय सीमा से सटे रुपईडीहा कस्बे में पुलिस ने सोमवार को बड़ी सफलता हासिल करते हुए दो संदिग्ध व्यक्तियों के कब्जे से 23 लाख 30 हखार 150 रुपये की नेपाली मुद्रा बरामद की है। बरामद रकम के संबंध में आरोपित कोई वैध दस्तावेज या संतोषजनक जवाब नहीं दे सके। इसके बाद पुलिस ने आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। मामले की जांच अब संबंधित एजेन्सियां कर रही हैं।

प्रभारी निरीक्षक हरेंद्र कुमार मिश्रा ने बताया कि थाना रुपईडीहा पुलिस कस्बा क्षेत्र में संदिग्ध व्यक्तियों की सघन जांच कर रही थी। इसी दौरान पुलिस ने उमाशंकर तिवारी निवासी सिंघानिया मिल, रुपईडीहा और संजय अग्रवाल निवासी विकोनिया, जनपद लखीमपुर खीरी को रोककर तलाशी ली। तलाशी में दोनों के पास मौजूद एक कपड़े के झोले से प्लास्टिक की काली पन्नी में रखी 23 लाख 30 हजार 150 रुपये की नेपाली मुद्रा बरामद हुई। बरामदगी में 1000 नेपाली रुपये के 20 बंडल व 79 अतिरिक्त नोट, 500 नेपाली रुपये के पांच बंडल तथा 100 और 50 नेपाली रुपये के नोट शामिल हैं। पूछताछ के दौरान दोनों आरोपित बरामद धनराशि के स्रोत, परिवहन के उद्देश्य अथवा उससे सम्बन्धित वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके। प्रथम दृष्टया मामला संदिग्ध पाए जाने पर पुलिस ने बरामद नेपाली मुद्रा को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। सम्बन्धित एजेन्सियां अब यह पता लगाने में जुटी हैं कि यह रकम कहां से लाई गई और इसका इस्तेमाल किस उद्देश्य के लिए किया जाना था।

हिन्दुस्थान समाचार / ANURAG GUPTA