लग्जरी होटल में अंधाधुंध फायरिंग, मालिक की मौत, तीन गंभीर
चूरू, 03 मार्च (हि.स.)। जिले के बीदासर कस्बे में स्थित होटल द रॉयल ट्रीट में बीती रात तीन बदमाशों ने अंधाधुंध फायरिंग कर दी। हमले में होटल मालिक मनीराम मंडा की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना का सीसीटीवी फुटेज मंगलवार सुबह सामने आया है, जिसमें बदमाशों को होटल के रेस्टोरेंट में घुसते ही देसी पिस्टल निकालकर फायरिंग करते हुए देखा जा सकता है। होटल स्टाफ के अनुसार, जब हमलावर अंदर घुसे उस समय रेस्टोरेंट में काफी भीड़ मौजूद थी। बदमाशों ने प्रवेश करते ही टेबल के आसपास खड़े लोगों पर अंधाधुंध गोलियां चला दीं। फायरिंग से अफरा-तफरी मच गई। बताया जा रहा है कि करीब पांच मिनट तक लगातार गोलियां चलाई गईं।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आरोपितों का मुख्य निशाना होटल मालिक मनीराम मंडा थे। उन्हें करीब से कई गोलियां मारी गईं। गोलियों की संख्या को लेकर अभी स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आई है।
घटना को अंजाम देने के बाद बदमाश फायरिंग करते हुए मौके से फरार हो गए। सीसीटीवी फुटेज में उनके चेहरे स्पष्ट दिखाई दे रहे हैं, जिससे पहचान में मदद मिल रही है।
जिला पुलिस अधीक्षक जय यादव ने बताया कि तीन हमलावरों ने होटल में घुसकर वारदात को अंजाम दिया। घटना के तुरंत बाद होटल को सील कर दिया गया और भारी पुलिस बल तैनात किया गया। पुलिस के अनुसार, मनीराम मंडा शराब और होटल कारोबार से जुड़े थे। प्रारंभिक जांच में आपसी रंजिश और शराब कारोबार से जुड़े विवाद को हत्या की संभावित वजह माना जा रहा है।
फायरिंग में भीखाराम जाट, श्रवण जाट और प्रभुराम प्रजापत निवासी दडीबा गंभीर रूप से घायल हुए हैं। उन्हें पहले सुजानगढ़ के बगड़िया अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए जयपुर रेफर किया गया।
एसपी जय यादव ने बताया कि एक हमलावर की पहचान कर ली गई है और उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें अलग-अलग क्षेत्रों में रवाना की गई हैं। एफएसएल टीम ने मौके से महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए हैं।
फिलहाल क्षेत्र में स्थिति नियंत्रण में है और पुलिस पूरे मामले की गहन जांच में जुटी हुई है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित

