home page

रेल यात्रियों से अभद्रता और हंगामे के आरोप में नौ किन्नर गिरफ्तार

 | 
रेल यात्रियों से अभद्रता और हंगामे के आरोप में नौ किन्नर गिरफ्तार


कानपुर, 19 जुलाई (हि.स.)। कानपुर सेंट्रल रेलवे स्टेशन पर यात्रियों से अभद्रता करने, जबरन पैसे मांगने और विरोध करने पर गाली-गलौज कर हंगामा करने के आरोप में जीआरपी और आरपीएफ की संयुक्त टीम ने रविवार को नौ किन्नरों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने सभी के खिलाफ शांति भंग की आशंका में बीएनएसएस की संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई करते हुए न्यायालय के समक्ष पेश किया।

जीआरपी थाना प्रभारी ओम नारायण सिंह ने बताया कि रेलवे स्टेशन और ट्रेनों में यात्रियों की सुरक्षा और सुविधा सर्वोच्च प्राथमिकता है। यदि कोई व्यक्ति यात्रियों से जबरन धन वसूलने, अभद्रता करने या कानून-व्यवस्था बिगाड़ने का प्रयास करेगा तो उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। कानपुर सेंट्रल स्टेशन पर इस तरह की गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए जीआरपी और आरपीएफ की संयुक्त टीम लगातार अभियान चला रही है।

जीआरपी को आज सूचना मिली थी कि प्लेटफॉर्म संख्या-10 और वहां से गुजरने वाली ट्रेनों में कुछ किन्नर यात्रियों से जबरन पैसे मांग रहे हैं। पैसे नहीं देने पर वे यात्रियों से अभद्र भाषा का प्रयोग कर रहे हैं और विवाद की स्थिति उत्पन्न कर रहे हैं। सूचना मिलते ही जीआरपी और आरपीएफ की संयुक्त टीम मौके पर पहुंची और संबंधित लोगों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन वे नहीं माने और पुलिसकर्मियों के सामने भी हंगामा करने लगे।

स्थिति को देखते हुए पुलिस ने मौके पर ही सभी को हिरासत में ले लिया। पूछताछ के बाद शांति व्यवस्था भंग होने की आशंका के आधार पर कार्रवाई की गई। गिरफ्तारी के दौरान सर्वोच्च न्यायालय और राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग के दिशा-निर्देशों का पालन किया गया।

गिरफ्तार आराेपिताें की उम्र 19 से 22 वर्ष के बीच की है। ये कानपुर नगर, कानपुर देहात, लखनऊ, कन्नौज और उन्नाव के विभिन्न क्षेत्रों के निवासी हैं। जीआरपी का कहना है कि रेलवे स्टेशन परिसर में यात्रियों से जबरन वसूली और अभद्रता की शिकायतों पर आगे भी लगातार अभियान चलाकर कार्रवाई की जाएगी।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप