home page

रिश्वत लेते ही एसीबी को चकमा देकर भागा कांस्टेबल

 | 
रिश्वत लेते ही एसीबी को चकमा देकर भागा कांस्टेबल


जयपुर, 23 जुलाई (हि.स.)। भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) की स्पेशल यूनिट उदयपुर ने गुरुवार को ट्रैप कार्रवाई के दौरान गोवर्धनविलास थाना, उदयपुर में तैनात कांस्टेबल राजेन्द्र कुमार मीणा को परिवादी से 3 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथ पकड़ने का प्रयास किया, लेकिन आरोपित रिश्वत की राशि लेकर नेशनल हाईवे पर ट्रैफिक का फायदा उठाते हुए मोटरसाइकिल से फरार हो गया। एसीबी उसकी तलाश में जुटी है।

एसीबी की अतिरिक्त महानिदेशक पुलिस स्मिता श्रीवास्तव ने बताया कि परिवादी ने हेल्पलाइन 1064 पर शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में आरोप लगाया गया कि उसके खिलाफ गोवर्धनविलास थाने में दर्ज मारपीट की शिकायत पर कार्रवाई नहीं करने की एवज में कांस्टेबल राजेन्द्र कुमार मीणा 3 हजार रुपये की रिश्वत मांग रहा था।

उप महानिरीक्षक डॉ. रामेश्वर सिंह के सुपरविजन में स्पेशल यूनिट उदयपुर के प्रभारी अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राजीव जोशी के नेतृत्व में पुलिस निरीक्षक लक्ष्मण डांगी ने शिकायत का सत्यापन किया, जिसमें रिश्वत मांग की पुष्टि हुई। इसके बाद गुरुवार को ट्रैप कार्रवाई के दौरान आरोपित ने परिवादी से 3 हजार रुपये ले लिए, लेकिन टीम द्वारा पकड़ने का प्रयास करते ही वह मोटरसाइकिल से फरार हो गया। एसीबी ने आरोपी कांस्टेबल की तलाश शुरू कर दी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश