रायपुर में चिट्टा तस्करी का भंडाफोड़, महिला सहित दो गिरफ्तार, 9.53 लाख का माल जब्त
रायपुर, 30 अक्टूबर (हि. स.)। पुलिस कमिश्नरेट रायपुर द्वारा नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत कबीर नगर पुलिस ने आज शुक्रवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए हेरोइन (चिट्टा) की अवैध बिक्री में संलिप्त एक महिला सहित दो आरोपितों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस ने आरोपितों के कब्जे से 45.84 ग्राम हेरोइन, जिसकी अनुमानित कीमत 9 लाख 17 हजार रुपये है, सहित कुल 9 लाख 53 हजार 100 रुपये की मशरूका जब्त की है।
पुलिस के अनुसार, 30 अक्टूबर को थाना कबीर नगर पुलिस ने नहर रोड स्थित फोर व्हीलर वाशिंग सेंटर, रेलवे क्रॉसिंग के पास कार्रवाई की। इस दौरान हेरोइन (चिट्टा) के अवैध कारोबार में संलिप्त दो आरोपितों को पकड़ा गया। तलाशी और पूछताछ के दौरान उनके कब्जे से मादक पदार्थ सहित अन्य सामग्री बरामद हुई।
गिरफ्तार आरोपितों की पहचान तरुण बजाज (31), पिता नरेश बजाज, निवासी सिमरन सिटी फेस-5, टिकरापारा, रायपुर और खुशी गभाने (21), पिता गणेश गभाने, निवासी टीचर कॉलोनी, कोटा, रायपुर के रूप में हुई है।
पुलिस ने आरोपितों के पास से 45.84 ग्राम हेरोइन (चिट्टा), एक एप्पल आईफोन-11, एक ओप्पो मोबाइल फोन, अन्य मोबाइल फोन और नगद राशि जब्त की है। जब्त सामग्री की कुल अनुमानित कीमत 9,53,100 रुपये बताई गई है।
पहले भी चिट्टा मामले में जेल जा चुका है आरोपित
पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपित तरुण बजाज पूर्व में भी थाना डीडी नगर के चिट्टा संबंधी मामले में गिरफ्तार होकर जेल जा चुका है। इसके बावजूद दोबारा नशे के अवैध कारोबार में संलिप्त पाए जाने पर उसके खिलाफ फिर कार्रवाई की गई है।
इस मामले में थाना कबीर नगर में अपराध क्रमांक 231/2026 के तहत धारा 21(बी) एनडीपीएस एक्ट में अपराध दर्ज कर विवेचना की जा रही है।
पुलिस ने नागरिकों से मांगा सहयोग
पुलिस कमिश्नरेट रायपुर ने स्पष्ट किया है कि मादक पदार्थों की तस्करी और अवैध कारोबार में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि नशे के अवैध कारोबार की जानकारी तत्काल पुलिस को दें और नशामुक्त समाज के निर्माण में सहयोग करें।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / गायत्री प्रसाद धीवर

