home page

रायपुर : फोटो के आधार पर पुलिस ने की कार्रवाई, स्टंटबाजी कर रहे युवकों पर साढ़े चार हजार रुपये का लगा जुर्माना

 | 
रायपुर : फोटो के आधार पर पुलिस ने की कार्रवाई, स्टंटबाजी कर रहे युवकों पर साढ़े चार हजार रुपये का लगा जुर्माना


रायपुर, 18 जुलाई (हि.स.)। सार्वजनिक सड़क पर दोपहिया वाहन में चार सवारी बैठाकर स्टंटबाजी करना चार युवकों को महंगा पड़ गया। एक समाचार पत्र में प्रकाशित एक तस्वीर के आधार पर यातायात पुलिस कमिश्नरेट रायपुर ने मामले का संज्ञान लेते हुए संबंधित युवकों की पहचान कर उनके खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की।

पुलिस उपायुक्त (यातायात) डॉ. अर्चना झा के निर्देश पर युवकों को यातायात कार्यालय बुलाकर पूछताछ और दस्तावेजों का सत्यापन किया गया। जांच में यातायात नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर मोटरयान अधिनियम के तहत कार्रवाई करते हुए कुल 4 हजार 500 रुपये का चालान काटा गया।

यातायात पुलिस ने कार्रवाई के दौरान युवकों एवं उनके अभिभावकों की काउंसिलिंग भी की। उन्हें बताया गया कि, सार्वजनिक सड़कों पर स्टंटबाजी और क्षमता से अधिक सवारी बैठाकर वाहन चलाना न केवल कानून का उल्लंघन है, बल्कि इससे गंभीर सड़क दुर्घटनाएं और जनहानि भी हो सकती है। पुलिस ने भविष्य में ऐसी हरकत दोहराने पर कड़ी कानूनी कार्रवाई की चेतावनी दी है।

यातायात पुलिस ने लोगों से अपील की है कि, सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करें, दोपहिया वाहनों पर निर्धारित संख्या से अधिक सवारी न बैठाएं और स्टंटबाजी जैसी खतरनाक गतिविधियों से दूर रहें।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गायत्री प्रसाद धीवर